9 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों हेतु *एकदिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर…
बीजापुर-जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी एवं सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के मार्गदर्शन में दिनांक 9 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों हेतु *एकदिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर* का आयोजन *जिला चिकित्सालय, बीजापुर परिसर में समय प्रातः 09ः00 बजे से शाम 04ः00 बजे तक* निर्धारित किया गया है।
इस शिविर में श्रीबालाजी हॉस्पिटल, रायपुर की सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ टीम भाग लेगी, जिसमें कार्डियोलॉजिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ), अनुभवी जनरल सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ तथा शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल हैं। यह विशेषज्ञ टीम प्रदेश में बाल स्वास्थ्य एवं विशिष्ट उपचार सेवाओं में अपनी उत्कृष्टता के लिए जानी जाती है, साथ ही जिला चिकित्सालय बीजापुर के नाक-कान-गला विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा अस्थि रोग विशेषज्ञ भी परामर्श एवं उपचार की सेवाएँ प्रदान करेंगे।शिविर में बच्चों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा चिन्हित बच्चों का आवश्यक उपचार “आयुष्मान भारत – प्रधान मंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY)” के अंतर्गत निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी ने जिले के समस्त अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित कराकर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएँ।