- कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने के बाद केबल से होकर फैला आग दायरा
- रात 12 बजे तक धधकती रही आग से करोड़ों के नुकसान की आशंका
भिलाई ( अग्रदूत )। भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार रात आगजनी की बड़ी दुर्घटना हो गई। करीब पौने 10 बजे यहां के स्टील मेल्टिंग शॉप ( एसएमएस – 2 में कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने से आग लग गई। आग ने केबल से होकर अपना दायरा बढ़ा लिया। इसके साथ ही लगातार तेज आवाज के साथ विस्फोट होता रहा। आग को काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात 12 बजे तक आग धधकती रही। इस आगजनी के चलते सेल भिलाई इस्पात संयंत्र को करोड़ों के नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस – 2 में आग लगने की खबर से प्रबंधन में खलबली मच गई। कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने के बाद आग की लपटों ने केबल को चपेट में ले लिया। केबल से होकर आग तेजी से फैलने लगी। इस वजह बिजली गुल हो गई। इससे आग बुझाने में खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों के लिए बनाए गए लॉकर को भी आग ने चपेट में ले लिया। कर्मचारियों का सामान जलकर खाक हो गया है। आग बुझाने के लिए कईं लॉकर को तोड़ने भी पड़े। स्टील मेल्टिंग शॉप-2 के तीनों कन्वर्टर में आग लगी। जमीन पर बिखरे हॉट मेटल को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कन्वर्टर से हॉट मेटल गिरने की वजह से हादसा हुआ है। काफी दूर तक हॉट मेटल जमीन पर बिखरा हुआ है। इस की जद में आने से केबल भी जल गया। देखते ही देखते केबल में आग का दायरा तेजी से फैल गया। आधी रात तक लगातार ब्लास्ट होने की आवाज आती रही। अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही नुकसान का अंदाजा लगाया जा सकता है। फिर भी इस घटना से करोड़ों के नुकसान होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एसएमएस 2 के कन्वर्टर नंबर 2 में पहले आग लगी थी, जिसकी लपटों से कन्वर्टर 1 और 3 भी जल गए। यही वजह है कि ब्लास्ट फर्नेस से यहां आने वाले हॉट मेटल को एसएमएस 3 भेजने की तैयारी है, ताकि नुकसान की भरपाई कुछ हद तक कम की जा सके। वहीं ब्लास्ट फर्नेस को डाउन करके हॉट मेटल को तैयार करने की प्रक्रिया की रफ्तार को धीमा किया जा सकता है अगर, ओपन टॉप लेडल लगाया गया तो पिग आयरन बनाया जाएगा, वरना टारपिडो से एसएमएस – 3 में हॉट मेटल भेजा जा सकता है।




