March 6, 2026

रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाई यूनियन …

IMG-20260124-WA0045
  • बीमाकर्मियों का 54वाँ वार्षिक अधिवेशन 24-25 को भिलाई में बीमा में 100 प्रतिशत एफ.डी.आई. एवं अन्य प्रतिगामी सुधारों के खिलाफ जन अभियान तेज करने का निर्णय होगा

भिलाई। रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज यूनियन का 54वाँ वार्षिक अधिवेशन 24 एवं 25 जनवरी को इस्पात नगरी भिलाई में आयोजित किया जा रहा है। इसमें रायपुर मंडल के सैकड़ों बीमाकर्मी शामिल होंगे। अधिवेशन की मेजबानी आर.डी.आई.ई.यू. की शाखा इकाई भिलाई-1 द्वारा की जा रही है।

 

संगठन के महासचिव का. सुरेन्द्र शर्मा द्वारा विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि अधिवेशन का उद्घाटन आल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष का. धर्मराज महापात्र करेंगे। ई.सी.जेड. आई.ई.ए. के महासचिव का. त्रिनाथ डोरा, बी.डी.आई.ई.ए. के महासचिव का. राजेश शर्मा एवं क्षेत्रीय महिला समिति की संयोजिका का. ज्योति पाटिल विशिष्ट अतिथि होंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विधि विशेषज्ञ श्री कनक तिवारी भी इस अधिवेशन को संबोधित करने आमंत्रित किए गए हैं।

अधिवेशन हेतु गठित स्वागत समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश श्री संजय सेंदरे हैं। इसके अलावा भिलाई के प्रमुख श्रमिक संगठनों सीटू, एक्टू, एटक, इंटक एवं बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन के नेतागण भी स्वागत समिति में सम्मिलित हैं। अधिवेशन स्थल बाकलीवाल भवन, सेक्टर-6, बी-मार्केट, भिलाई है।

 

अधिवेशन स्थल का नामकरण बीमा आंदोलन के महान नेता का. सरोज चौधरी की स्मृति में किया गया है। अधिवेशन का मंच बीमाकर्मियों सहित श्रमिक आंदोलन के प्रमुख नेता का. बी. सान्याल की स्मृति को समर्पित है।

 

अधिवेशन के प्रथम दिन 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे एक विहंगम रैली निकाली जाएगी। सरकारी क्षेत्र में नई भर्ती प्रारंभ करने, बीमा संशोधन विधेयक-2025 वापस लेने, एल.आई.सी. का आईपीओ रद्द करने, श्रम संहिताओं को थोपे जाने की खिलाफत, बीमा क्षेत्र में एफ.डी.आई. की सीमा 100 प्रतिशत किए जाने के खिलाफ, केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, आसमान छूती महंगाई एवं सांप्रदायिकता के खिलाफ आयोजित इस रैली में बीमाकर्मियों सहित भिलाई के श्रम संगठनों के साथीगण बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

प्रातः 10 बजे खुला सत्र रखा गया है। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे से प्रतिनिधि सत्र की कार्यवाही आरंभ होगी। यह सत्र 25 तारीख तक जारी रहेगा। इसमें समूचे मंडल से आए हुए 135 प्रतिनिधि व प्रेक्षक शामिल होंगे।

 

इस अधिवेशन में देश के श्रमिकों पर थोपी जा रही श्रम संहिताओं, निजीकरण, बेरोजगारी, नई भर्ती एवं मेहनतकश आंदोलन के समक्ष उपस्थित अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी। विशेष रूप से बीमा संशोधन विधेयक पारित होने के पश्चात राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग के समक्ष उपस्थित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

 

अधिवेशन में अगले एक वर्ष हेतु रायपुर मंडल में संघर्ष व संगठन हेतु नई कार्ययोजना बनाई जाएगी। अधिवेशन के अंत में नई कार्यकारिणी समिति का चुनाव भी संपन्न होगा। रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाइज यूनियन द्वारा भिलाई क्षेत्र के समस्त मेहनतकशों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों, साहित्यकारों, सांस्कृतिकर्मियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को अधिवेशन की रैली एवं खुले सत्र में आमंत्रित किया गया है।

 

अधिवेशन में विशेष रूप से केंद्र सरकार द्वारा बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफ.डी.आई. थोपे जाने सहित अन्य प्रतिगामी सुधारों के खिलाफ व्यापक जनमत तैयार करने हेतु जारी जन अभियान को तेज करने के ठोस कार्यक्रम तय किए जाएंगे। बीमाकर्मी आंदोलन की स्पष्ट समझ है कि केंद्र सरकार द्वारा थोपे जा रहे ये सुधार राष्ट्रीयकृत बीमा उद्योग के लिए जबरदस्त खतरा हैं।

 

इन सुधारों से देश की आम जनता की बीमा प्रीमियम के रूप में जारी बचत निजी देशी-विदेशी कंपनियों के हवाले कर दी जाएगी। इससे बीमा क्षेत्र में धोखाधड़ी, लूटपाट व फर्जीवाड़े का नया दौर आरंभ हो सकता है। उल्लेखनीय है कि इन्हीं स्थितियों को रोकने भारत सरकार द्वारा सन 1956 में 250 निजी बीमा कंपनियों का राष्ट्रीयकरण कर एल.आई.सी. का निर्माण किया गया था।

 

बीमा संशोधन कानूनों की सच्चाई उजागर करने हेतु बीमाकर्मी देश की आम जनता तक पहुँचकर उन्हें सचेत कर रहे हैं। आगामी दिनों में इस मुद्दे पर संघर्ष व जन-जागरण के कार्यक्रमों को और तीव्र किया जाएगा।