नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक…
जांजगीर/सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा द्वारा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से थाना बलौदा, अकलतरा एवं मुलमुला क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
यातायात पुलिस द्वारा नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, यातायात संकेतों का पालन करने एवं सुरक्षित व जिम्मेदार वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित वाहन चलाने की आदत विकसित करना है। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आगे भी जिले में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।