March 6, 2026

राखड़ डंपिंग का विरोध पड़ा भारी, चक्काजाम करने वाले 8 नामजद समेत 30 ग्रामीणों पर अपराध दर्ज…

Screenshot_20260130_131947 (1)

जाँजगीर-चाम्पा। नवागढ़ पुलिस ने ग्राम केरा स्थित हसदेव नदी पुल के पास चक्काजाम कर रास्ता रोकने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे 8 लोगों को नामजद करते हुए करीब 30 अन्य ग्रामीणों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। इन पर सड़क अवरुद्ध कर आम जनता को परेशान करने का आरोप है।

घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहतरा के ग्रामीण क्षेत्र में हो रही भारी राखड़ डंपिंग का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि डंपिंग से उड़ने वाली राख के कारण प्रदूषण फैल रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसी मांग को लेकर बीते गुरुवार, 29 जनवरी को ग्रामीणों ने केरा रोड हसदेव नदी पुल के पास मोर्चा खोल दिया और सड़क के चारों ओर घेरा बनाकर बैठ गए।

इस चक्काजाम की वजह से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए नवागढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। नामजद आरोपियों में गोपाल पटेल, जीवन पटेल, शंकरलाल, पुरूषोत्तम पटेल, चंद्रशेखर देवांगन, शांति लाल पटेल, अगेश यादव और विनोद खुंटे शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण विवेचना में ले लिया गया है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।