30 एमएलडी सीवरेज पाइपलाइन की सफल मरम्मत के पश्चात जेपी सीमेंट मार्ग पर यातायात बहाल…
भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग के अंतर्गत कार्यरत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) अनुभाग तथा वर्कशॉप की संयुक्त टीम ने भिलाई टाउनशिप में नागरिक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने की दिशा में प्रयास करते हुए 30 एमएलडी सीवरेज पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया। मरम्मत उपरांत जेपी सीमेंट को जाने वाली सड़क को पुनः यातायात के लिए खोल दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि बीएसपी टाउनशिप के सेक्टर-4 स्थित सड़क क्रमांक-29 के समीप क्रॉस रोड क्रमांक-3 के नीचे से से गुजरने वाली 30 एमएलडी क्षमता की सीवरेज पाइपलाइन में अचानक रिसाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। जिसके परिणामस्वरूप सड़क की सतह प्रभावित हुई तथा यातायात संचालन में बाधा आई। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा सड़क के एक हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
स्थिति की गंभीरता के दृष्टिगत भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवाएँ विभाग के अंतर्गत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) अनुभाग, सेक्टर-6 तथा वर्कशॉप की संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य तत्काल प्रारंभ किया गया। निरीक्षण के दौरान पाइपलाइन का एक हिस्सा अत्यधिक क्षतिग्रस्त पाया गया, जिसके फलस्वरूप लगभग 12 मीटर लंबी पुरानी पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन स्थापित की गई।
मरम्मत के दौरान बदली गई पाइपलाइन के दोनों सिरों पर उच्च गुणवत्ता के दो नए क्लैम्प लगाए गए हैं, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के रिसाव की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। रविवार को पाइपलाइन को सफलतापूर्वक चार्ज किए जाने के उपरांत 30 एमएलडी फिल्टर हाउस तक सीवरेज जल का प्रवाह सामान्य हो गया व टाउनशिप की संपूर्ण सीवरेज प्रणाली पुनः सामान्य रूप से कार्य करने लगी है।
मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद खोदे गए क्षेत्र में मिट्टी भरकर सड़क को समतल किया गया और सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन करते हुए मार्ग को यातायात के लिए पुनः खोल दिया गया है। इसके स्थानीय नागरिकों सहित औद्योगिक वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है।
गौरतलब है कि 700 मिमी व्यास की यह सीवरेज पाइपलाइन सुपेला सीवरेज पंप हाउस से टाउनशिप के समस्त सीवरेज जल को पंप कर 30 एमएलडी फिल्टर हाउस तक पहुँचाती है। जवाहर उद्यान के पीछे स्थित इस फिल्टर हाउस से उपचारित सीवरेज जल का उपयोग संयंत्र के भीतर सफाई एवं कूलिंग जैसी औद्योगिक प्रक्रियाओं में किया जाता है, जिससे जल पुनर्चक्रण गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल सके।
इस महत्वपूर्ण मरम्मत कार्य में विभाग के उप महाप्रबंधक श्री डी.सी. सिंह, सहायक महाप्रबंधक श्री पूरनलाल साहू, जूनियर इंजीनियरिंग एसोसिएट श्री सुनील डोगरे, श्री नितिन कश्यप, श्री चमरू, श्री पुरुषोत्तम रेड्डी, विद्युत विभाग से सहायक महाप्रबंधक श्री ए.के. साहू, चार्जमेन श्री रामकिशुन कोरी, सिविल विभाग से उप प्रबंधक श्री विनोद सिंह राजपूत सहित संविदा श्रमिक शिवकुमार देवांगन, यशवंत, प्रदीप, नागेंद्र, गुड्डू, रोहित एवं दिलेश का सराहनीय योगदान रहा।
————————