March 6, 2026

श्रद्धा-भक्ति के साथ संपन्न हुआ गद्दी महोत्सव, महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त ने की विश्व कल्याण की कामना…

IMG-20260131-WA0051

शिवरीनारायण (महानदी त्रिवेणी संगम): युग-युगांतर से विराजित भगवान श्री शिवरीनारायण जी के पावन धारा में गद्दी महोत्सव का पर्व बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुंदर दास जी महाराज शाम 5:30 बजे श्री शिवरीनारायण मठ पहुँचे। उन्हें पहले से प्रतीक्षारत भक्तगण बाजे-गाजे और भव्य स्वागत के साथ मठ तक ले गए।

शाम 6:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मठ में विराजित देवी-देवताओं का दर्शन और पूजन किया गया। विधिपूर्वक हवन-पूजन के उपरांत गद्दी स्थल की सात परिक्रमा पूर्ण कर महाराज जी ने आसन ग्रहण किया। तत्पश्चात श्री जगदीश मंदिर के पुजारी त्यागी जी महाराज ने उन्हें तिलक, शाल, श्रीफल और द्रव्य भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया।

इसके बाद मुख्तियार सुखराम दास जी महाराज ने सपरिवार पूजा अर्चना की। नगर एवं दूर-दराज से आए श्रद्धालु भक्तगण और अन्य संत-महात्माओं ने बारी-बारी से महाराज जी का अभिषेक कर दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया।

गद्दी महोत्सव के अंतर्गत महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त जी महाराज ने भगवान श्री शिवरीनारायण जी के दरबार में उपस्थित होकर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और संपूर्ण विश्व के कल्याण की कामनाएं की। इसके पश्चात भगवान चंद्रचूड़ महादेव, राम-जानकी मंदिर, पूर्वाचार्यों की चरण पादुका, जगदीश मंदिर, तुलसी चौरा, मठ में विराजित महादेव और लंका दहन हनुमान जी आदि स्थानों का दर्शन-पूजन किया गया।

महोत्सव में श्रद्धालु भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम और भी भव्य और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बन गया।

1 फरवरी को चित्त्रोत्पला गंगा महाआरती

शिवरीनारायण स्थित महानदी के त्रिवेणी संगम तट बाबा घाट में चित्रोत्पला गंगा महाआरती 1 फरवरी को शाम 6:30 बजे आयोजित होगी। इसके लिए व्यापक तैयारियां पहले से चल रही हैं।

चांपा सेवा संस्थान के सभी सदस्य अपने पूरे समूह के साथ मांघी पूर्णिमा के अवसर पर शिवरीनारायण पहुंचेंगे। यह भव्य कार्यक्रम ऋषिकेश, हरिद्वार और बनारस की तरह श्रद्धालुओं के मन को मंत्रमुग्ध कर देता है। आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

You may have missed