सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जांजगीर-चांपा पुलिस की डिजिटल जागरूकता मुहिम…
जांजगीर-चांपा।सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को सुरक्षित, सकारात्मक और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा गोपनीयता, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा फेक न्यूज़ जैसी गंभीर चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट जहां अनेक अवसर प्रदान करता है, वहीं इसके दुरुपयोग से बचाव के लिए सतर्कता और डिजिटल साक्षरता अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान नागरिकों को मजबूत पासवर्ड के उपयोग, व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक व संदेशों से बचने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित प्राधिकरण को सूचना देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों एवं अभिभावकों को ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े व्यवहारिक सुझाव भी दिए गए, जिससे वे डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग कर सकें।
पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे साइबर हाइजीन एवं साइबर सुरक्षा के सर्वोत्तम अभ्यास अपनाएँ, प्रमुख साइबर खतरों को समझें और उनके निवारण के प्रति जागरूक रहें।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षित इंटरनेट का उपयोग ही एक सकारात्मक, सुरक्षित एवं भरोसेमंद डिजिटल वातावरण के निर्माण की दिशा में मजबूत कदम है।