March 6, 2026

रायपुर–विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर व्यापारियों के लिए बड़ी खुशखबरी – अजय भसीन

Screenshot_20260214_212111 (1)

भिलाई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन ने रायपुर–विशाखापट्टनम (विज़ाग) इकोनॉमिक कॉरिडोर को प्रदेश के व्यापार, उद्योग और समग्र आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरदर्शी परियोजना बताया है। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर छत्तीसगढ़ राज्य को सीधे समुद्री बंदरगाह से जोड़ने वाला ऐतिहासिक कदम है, जिससे व्यापारियों और उद्योगों को व्यापक लाभ मिलेगा।

 

श्री भसीन ने कहा कि इस कॉरिडोर के निर्माण से माल परिवहन तेज, सस्ता और अधिक सुगम हो जाएगा। वर्तमान में लंबी दूरी, अधिक समय और ऊँची परिवहन लागत के कारण उद्योगों को अपने उत्पाद बंदरगाह तक पहुँचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कॉरिडोर बनने के बाद छत्तीसगढ़ के उत्पाद कम समय और कम लागत में सीधे विशाखापट्टनम पोर्ट तक पहुँच सकेंगे, जिससे निर्यात को बड़ी गति मिलेगी और प्रदेश की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।

 

उन्होंने कहा कि रायपुर जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्र का विशाखापट्टनम जैसे बड़े पोर्ट शहर से सीधा जुड़ाव होने का अर्थ है स्टील, कोयला, खनिज, सीमेंट और कृषि उत्पादों की मजबूत सप्लाई चेन, बढ़ता व्यापार और नए निवेश के अवसर। इससे प्रदेश राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार नेटवर्क से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा। श्री भसीन ने बताया कि इस कॉरिडोर के आसपास नए उद्योग, वेयरहाउस, लॉजिस्टिक्स हब, ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और व्यापारिक गतिविधियों का तेजी से विकास होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि परिवहन लागत घटने से उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास का आधार बनेगी और प्रदेश को निवेश के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अजय भसीन ने बताया कि इस कॉरिडोर का लाभ व्यापारियों को प्राप्त हो इस संबंध में भिलाई चेम्बर की टीम बाजार बाजार जाकर व्यापारियों को इसके लाभ बताएगी ,यह अभियान अगले सप्ताह से प्रारंभ किया जाएगा।