- भिलाई चेम्बर का जनजागरूकता अभियान शहर सहित कुम्हारी क्षेत्र में जोर-शोर से जारी
भिलाई। भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा त्योहारों के अवसर पर स्थानीय बाजारों को प्रोत्साहित करने एवं व्यापारियों के हित में चलाए जा रहे “आया त्योहार चलो बाजार” अभियान को शहर में बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर स्कूली बच्चों को जागरूक किया जा रहा है कि वे ऑनलाइन शॉपिंग के बजाय स्थानीय बाजारों से खरीदारी करें, जिससे बाजारों की रौनक बढ़े और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन मिले।
भिलाई चेम्बर का यह अभियान शहर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ कुम्हारी क्षेत्र में भी उत्साहपूर्वक संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। बच्चों को समझाया जा रहा है कि बाजारों में जाकर खरीदारी करने से न केवल व्यापारियों को लाभ मिलता है, बल्कि स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
अभियान के दौरान कुम्हारी क्षेत्र की होलसेल सब्जी मंडी में व्यापारियों को आ रही समस्याओं पर व्यापारियों ने अजय भसीन से चर्चा की । भिलाई चेम्बर के महामंत्री अजय भसीन ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मंडी की समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में आवश्यक पहल की।
इसके साथ ही शाम के समय बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंचे ग्राहकों का लड्डू खिलाकर स्वागत किया गया।
इस अभियान के तहत आज से जवाहर मार्केट में त्योहारी सुरक्षा को देखते हुए 20 से अधिक गार्ड की व्यवस्था की गई ,यह गार्ड दीवाली तक लगातार व्यवस्था में रहेंगे
चेम्बर के इस आत्मीय प्रयास से ग्राहकों में उत्साह देखने को मिला तथा स्थानीय बाजारों में खरीदारी को लेकर सकारात्मक वातावरण बना।
चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि यह अभियान केवल खरीदारी को प्रोत्साहित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य स्थानीय व्यापार, व्यापारियों के सम्मान और बाजारों की परंपरा को मजबूत करना भी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होंगी, जब हमारे स्थानीय बाजार भी खुशियों और रौनक से भरे रहें। नागरिकों से अपील की गई कि वे इस त्योहार पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर अपने शहर के व्यापारियों का सहयोग करें और “आया त्योहार चलो बाजार” अभियान को सफल बनाएं।
अभियान में मुख्य रूप से सरोजनी पाणिग्रही, पूर्णिमा नंदी,माधुरी पराशर ,निरंकार सिंह,लकी सोनी व अनेक सदस्य सक्रिय रहे।




