होली के पावन अवसर पर शराब की दुकानें बंद रखने की आप ने की मांग, प्रशासन को सतर्क किया…
दुर्ग / आम आदमी पार्टी की दुर्ग लोकसभा इकाई ने आगामी रंगों के त्यौहार होली को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दा उठाते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि होली के दिन दुर्ग जिले की सभी शराब दुकानों को पूर्णतः बंद रखा जाए।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि होली आपसी प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों के अनुभव बताते हैं कि इस दिन शराब की सुलभ उपलब्धता के कारण अप्रिय घटनाओं में भारी वृद्धि हो जाती है। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि शासन द्वारा होली पर शराब की दुकानें खुली रखने का निर्णय आम जनमानस की सुरक्षा और भावनाओं के बिल्कुल विपरीत है। पार्टी ने शराब की दुकानें बंद रखने की मांग को लेकर चार प्रमुख तर्क दिए हैं:
1. सार्वजनिक सुरक्षा: नशे में धुत हुड़दंगियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं और आपसी हिंसक झड़पों की संभावना बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों की जान को खतरा होता है।
2. पुलिस प्रशासन पर अतिरिक्त दबाव: त्यौहार के समय पुलिस का मुख्य कार्य सुरक्षा व्यवस्था संभालना होता है, लेकिन शराब दुकानों के खुले रहने से हुड़दंग और विवाद बढ़ते हैं। इससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पर अनावश्यक दबाव बढ़ता है। आप ने कहा कि शासन का काम पुलिस की मदद करना है, न कि शराब बेचकर उनकी चुनौतियाँ बढ़ाना।
3. मातृशक्ति का सम्मान: शराब के नशे में धुत लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बेटियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता की घटनाएं होती हैं, जिससे त्यौहार का आनंद भय में बदल जाता है। यह मातृशक्ति के सम्मान के खिलाफ है।
4. दोहरी नीति का शिकार होता है आम आदमी: शहर के शराब दुकानों, चखना केंद्रों और बारों में खुलकर शराब पिलाई जाती है, जिसके बाद लोग नशे में धुत होकर वाहन चलाते हैं। इसके बाद पुलिस प्रशासन द्वारा की जाने वाली ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ की कार्यवाही से त्यौहार के दिन परिवारों में तनाव और अशांति पैदा होती है। पार्टी ने सवाल उठाया कि शासन एक तरफ शराब बेचकर राजस्व कमाता है और दूसरी तरफ उसी शराब को पीकर गाड़ी चलाने पर आम आदमी को प्रताड़ित करता है। आम आदमी पार्टी ने कटाक्ष करते हुए पूछा, “क्या शासन का राजस्व, नागरिकों की जान से बढ़कर है?” पार्टी ने प्रशासन को आगाह करते हुए दुर्ग जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौपते हुए कहा कि यदि प्रशासन जनहित में शराब की दुकानों को बंद नहीं करता है, तो होली के दिन किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था की समस्या के लिए सीधे तौर पर शासन और जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा । ज्ञापन देने हेतु आम आदमी पार्टी की ओर से प्रदेश संगठन मंत्री , संभाग प्रभारी संजीत विश्वकर्मा, प्रदेश सचिव देविंदर सिंह भाटिया , दुर्ग लोकसभा अध्यक्षा श्रीमति गीतेश्वरी बघेल , लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी , जिला अध्यक्ष रवि साहू , अहिवारा विधानसभा भिलाई 3 – चरोदा निगम क्षेत्र के पंकज तिवारी उपस्थित थे I
