चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में…
- ▪️ माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन
- ▪️ देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों की 30 टीमों के 450 प्रतिभागी शामिल
- ▪️ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 30 से अधिक खिलाड़ी एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता प्रतिभागी के रूप में सम्मिलित
- ▪️ दिनांक 24 से 27 फरवरी 2026 तक प्रतियोगिता का आयोजन
- ▪️ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
दुर्ग: प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई परिसर में दिनांक 24 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का प्रथम दिवस आज विधिवत प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर दुर्ग नगर की महापौर श्रीमती अलका बाघमार, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, एडीजी श्री एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल श्री विवेकानंद सिन्हा, आईजी श्री ओ.पी. पाल, आईजी श्री अजय यादव, आईजी श्री अभिषेक शांडिल्य, आईजी श्री बी.एस. ध्रुव, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, डीआईजी श्री एम.आर. आहिरे, डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव श्री सदानंद कुमार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री राठौर, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के डी आई जी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी श्री राजेश कुकरेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित सुश्री समसाद बेगम, श्री भारती बंधू, श्री आलोक निरंजन एवं सुश्री सबा अंजुम भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कुल 30 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 450 प्रतिभागी सम्मिलित हैं। 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स एवं साउथ एशियन गेम्स में सहभागिता की है, प्रतियोगी के रूप में शामिल हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी श्री जनता तालुकार (असम) एवं डीएसपी श्री रजत चौहान (राजस्थान) भी प्रतियोगी के रूप में सहभागिता कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल श्री *विवेकानंद सिन्हा* द्वारा प्रतिवेदन वाचन किया गया, जिसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रतिभागियों की संख्या एवं आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई।
*माननीय गृह मंत्री का वक्तव्य* :
माननीय गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेल एवं अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की यह प्रतियोगिता पुलिस बलों के मध्य समन्वय, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना को सुदृढ़ करती है तथा छत्तीसगढ़ को इसकी मेजबानी मिलना राज्य के लिए गौरव का विषय है।
*पुलिस महानिदेशक का वक्तव्य* :
पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन एवं अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्ष एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दीं तथा आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के मध्य खेल कौशल, अनुशासन, समन्वय एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। विभिन्न वर्गों में तीरंदाजी प्रतियोगिताएं दिनांक 27 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
*आयोजन स्थल* :
प्रथम वाहिनी परिसर, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई, जिला दुर्ग
*सराहनीय कार्य* :
प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु आयोजन सचिव श्री सदानंद कुमार (डीआईजी मध्य रेंज), प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई के डी आई जी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी श्री राजेश कुकरेजा,जिला पुलिस दुर्ग एवं आयोजन समिति के समस्त पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा समन्वित एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में सहयोग प्रदान करें तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।




