अंतर्राज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की इक्को कार बरामद…
जांजगीर-चांपा। जिले की अकलतरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अमलीपाली से चोरी की गई इक्को कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। यही वाहन बिलासपुर में ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की लूट की वारदात में प्रयुक्त हुआ था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अमलीपाली निवासी दुष्यंत ने 16-17 फरवरी की दरम्यानी रात अपनी इक्को कार क्रमांक CG 13 N 0999 चोरी होने की रिपोर्ट थाना अकलतरा में दर्ज कराई थी। इस पर धारा 303(2), 112(2) बीएनएस में मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उक्त वाहन का उपयोग बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज लूट प्रकरण में किया गया है। आरोपियों ने शहर के महालक्ष्मी ज्वेलर्स में धावा बोलकर सोना-चांदी एवं नगदी की लूट की थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पूर्व अंबिकापुर से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद अमलीपाली से इक्को कार पार कर दोनों वाहनों के माध्यम से लूट की योजना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद आरोपी वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बिलासपुर पुलिस ने जब्त कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतर्राज्यीय समन्वय स्थापित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस की सहायता से मिर्जापुर में घेराबंदी की गई और मुठभेड़ के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद बिलासपुर पुलिस उन्हें छत्तीसगढ़ लेकर आई, जहां विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। तकनीकी जांच में इंजन और चेसिस नंबर का मिलान लूट में प्रयुक्त वाहन से हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय लाम्बा (उत्तर दिल्ली), विनोद उर्फ बिनू प्रजापति (अनूपपुर मप्र), करीम खान (बरेली उप्र), इरफान अली (बिलासपुर) तथा मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित गुड़वा (गौतम बुद्ध नगर उप्र) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।