पुलिस पेट्रोलिंग टीम पर हमला करने वाले पांच युवक गिरफ्तार, मुख्य मार्ग पर पत्थर रखकर रोका था रास्ता…
जांजगीर-चांपा। रंगों और उल्लास के पर्व होली की रात कुछ असामाजिक तत्वों ने शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया। मुख्य मार्ग पर अवरोध खड़ा कर पुलिस वाहनों पर पथराव करने वाले पांच युवकों को नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग दो बजे थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग टीम ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना मार्ग पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्राम बुढ़ेना के समीप कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया गया था। पुलिस दल जब रास्ते से अवरोध हटाने में जुटा, तभी आसपास छिपे उपद्रवियों ने अचानक शासकीय वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले में दोनों वाहनों के आगे और पीछे के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद उपद्रवी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने लगे, किंतु पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ आरोपियों को दौड़ाकर धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पथराव कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने इस मामले में अनीश यादव (19), साहिल यादव (21), राज कश्यप (19), सुखराम कश्यप (22) तथा परमेश्वर यादव (22), सभी निवासी ग्राम बुढ़ेना, थाना नवागढ़ को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना नवागढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 324(3), 221, 132, 191(2) तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।