शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाला आरोपी मुंगेली से गिरफ्तार…
जांजगीर-चाम्पा। विश्वास और संबंधों की मर्यादा को छलते हुए एक युवती के साथ दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को आखिरकार पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सायबर तकनीक की सहायता से जिला मुंगेली से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर 18 फरवरी 2026 को थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 74/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती का विश्वास जीत लिया और इसी विश्वास का लाभ उठाते हुए उसके साथ लगातार दैहिक शोषण करता रहा।
मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सायबर ट्रैकिंग के माध्यम से उसकी तलाश जारी रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और आरोपी को जिला मुंगेली से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम कोमल प्रसाद (29 वर्ष) निवासी मानपुर, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली बताया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में सउनि संतोष बंजारे, राघवेंद्र और भुवनेश्वर पटेल का विशेष योगदान रहा, जिनके प्रयासों से फरार आरोपी को पकड़ने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।