March 11, 2026

भगवान श्री सत्य साईं बाबा के पावन जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में श्री सत्य साईं सेवा संगठन, छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग के तत्वावधान में इस्पात नगरी भिलाई में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम “श्री सत्य साईं रन एंड राइड” का आयोजन किया जा रहा…

IMG-20260311-WA0011

भगवान श्री सत्य साईं बाबा के पावन जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में श्री सत्य साईं सेवा संगठन, छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग के तत्वावधान में इस्पात नगरी भिलाई में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम “श्री सत्य साईं रन एंड राइड” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 मार्च 2026, रविवार को प्रातः 6:00 बजे से जयंती स्टेडियम, सेक्टर-10, भिलाई में प्रारंभ होगा।

यह आयोजन पूरे भारत के विभिन्न शहरों में श्री सत्य साईं सेवा संगठन भारत एवं भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एकता की भावना, प्रेम, सेवा तथा भगवान श्री सत्य साईं बाबा द्वारा बताए गए मानव मूल्यों — सत्य, धर्म, शांति, प्रेम और अहिंसा — को समाज में स्थापित करना है।

भिलाई में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन, जिला प्रशासन के अधिकारीगण, श्री सत्य साईं सेवा संगठन के पदाधिकारी, साई भक्तगण तथा बड़ी संख्या में सेवा दल के स्वयंसेवक उपस्थित रहेंगे। इसके साथ ही कई विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ तथा अनेक सामाजिक संस्थाओं के सदस्य भी इस आयोजन से जुड़ रहे हैं, जिससे यह कार्यक्रम शहर में एकता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का एक बड़ा प्रतीक बनने जा रहा है।

कार्यक्रम की तैयारियाँ संगठन द्वारा पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ की जा रही हैं। प्रतिभागियों की सुविधा हेतु आयोजन स्थल पर चाय, चिकित्सा सहायता केंद्र (मेडिकल डेस्क) तथा अल्पाहार की व्यवस्था भी संगठन की ओर से की जाएगी।

कार्यक्रम के एक दिन पूर्व अर्थात 14 मार्च 2026 को जयंती स्टेडियम, सेक्टर-10, भिलाई में पंजीकृत प्रतिभागियों को टी-शर्ट वितरण किया जाएगा। यह टी-शर्ट केवल उन्हीं प्रतिभागियों को प्रदान की जाएगी जिनका ऑनलाइन पंजीकरण पूर्ण हो चुका है। उल्लेखनीय है कि अब तक 2301 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कर इस प्रेरणादायी आयोजन में भाग लेने की सहमति दी है, जो भिलाई शहर के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है।

श्री सत्य साईं सेवा संगठन, दुर्ग जिला के जिला अध्यक्ष ने भिलाई शहर के सभी नागरिकों, युवाओं एवं साई भक्तों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस “श्री सत्य साईं रन एंड राइड” कार्यक्रम में सहभागी बनकर भगवान श्री सत्य साईं बाबा के मानव मूल्यों और एकता के संदेश को समाज में फैलाने में अपना अमूल्य योगदान दें।