गैस सिलेंडर की किल्लत केवल अफवाह, अनावश्यक भंडारण न करें – विधायक रिकेश सेन
- कलेक्टर दुर्ग से चर्चा के बाद विधायक ने की जन अपील, कहा- पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है स्टॉक
भिलाई नगर, 11 मार्च। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या हड़बड़ी में न आएं।
विधायक ने स्पष्ट किया है कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
*कलेक्टर से चर्चा और स्थिति की समीक्षा*
जनता के बीच सिलेंडर की किल्लत को लेकर फैल रही चर्चाओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक रिकेश सेन ने कलेक्टर दुर्ग से विस्तृत चर्चा की। चर्चा के उपरांत विधायक ने आश्वस्त किया कि प्रशासन और गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अफ़वाहों के चलते घबराने की आवश्यकता नहीं है।
*अनावश्यक भंडारण से बचने की सलाह*
विधायक श्री सेन ने नागरिकों से विशेष आग्रह किया है कि वे “सिलेंडर नहीं मिलेगा” जैसी अफ़वाहों के आधार पर अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडरों का भंडारण न करें। बेवजह भंडारण करने से कृत्रिम किल्लत पैदा होती है, जिससे वास्तविक जरूरतमंदों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
*वर्तमान बुकिंग नियम और प्रक्रिया*
विधायक ने क्षेत्रवासियों को मौजूदा नियमों के तहत धैर्य बनाए रखने को कहा है। नियमानुसार एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग के लिए निर्धारित समय अंतराल का पालन करना अनिवार्य है। सभी उपभोक्ताओं को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बुकिंग और डिलीवरी की सूचना प्राप्त हो रही है। एजेंसियां क्रमानुसार सिलेंडर की आपूर्ति कर रही हैं।
श्री सेन ने वैशाली नगर की जनता से अपील है कि आप संयम बरतें। शासन और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर घर तक रसोई गैस पहुंचे और किल्लत जैसी कोई बात है ही नहीं, हमेशा की तरह मांग अनुरूप आपूर्ति का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। विधायक ने अंत में दोहराया कि साय सरकार सुशासन के संकल्प के साथ काम कर रही है और जनसुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।