March 12, 2026

घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, होटलों में छापे…

IMG-20260312-WA0004

जांजगीर-चांपा, 12 मार्च। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और उनके व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने जिले में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान कई होटल और भोजनालयों की जांच की गई।

जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू ने बताया कि चांपा स्थित करणी भोजनालय, पंजाब हवेली रेस्टोरेंट, जलाराम भोजनालय और होटल सुमित इन में जांच की गई, जहां व्यावसायिक गैस सिलेंडर का उपयोग पाया गया।

इसी क्रम में स्टेशन रोड, चांपा स्थित होटल श्री गणेश में घरेलू गैस सिलेंडर से ग्राहकों के लिए भोजन पकाया जाना पाया गया। इस पर होटल के संचालक राजेश तिवारी के कब्जे से दो घरेलू गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया गया।

रेलवे स्टेशन चांपा स्थित होटल सोना में भी घरेलू गैस सिलेंडर से नाश्ता तैयार किया जाना पाया गया। इस मामले में होटल संचालक प्रेमलता यादव के कब्जे से दो गैस सिलेंडर, एक प्रेशर रेगुलेटर, एक गैस पाइप और एक गैस चूल्हा जब्त किया गया।

इसी तरह जांजगीर स्थित पराठा हाउस में जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दो गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे, दो प्रेशर रेगुलेटर और दो गैस पाइप जब्त किए गए।

खाद्य विभाग ने सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कार्रवाई की है।

You may have missed