300 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने सुलझाई चोरी की वारदात, 9.54 लाख का माल बरामद…
जांजगीर-चांपा।जांजगीर क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सायबर थाना और जांजगीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत दो अन्य अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और घटना में प्रयुक्त स्कूटी सहित कुल 9 लाख 54 हजार रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के सख्त निर्देशन में जांजगीर क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा सीएसपी योगिताबाली खपर्डे के नेतृत्व में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक जेपी गुप्ता और सायबर थाना प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक की टीम ने मामले की गहन जांच शुरू की।
300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस टीम ने घटना स्थल से लेकर आसपास के इलाकों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। लगातार तकनीकी जांच और निगरानी के बाद आरोपियों की पहचान करने में सफलता मिली, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
सुनसान मकानों की करते थे रेकी
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने साथियों के साथ जांजगीर क्षेत्र के नहर किनारे और सुनसान इलाकों में स्थित मकानों की रेकी करता था। मौका मिलने पर वे बंद मकानों को निशाना बनाते थे। घटना को अंजाम देने के लिए आरोपी ने अपने पड़ोसी से इलाज कराने जाने का बहाना बनाकर उसकी सुजुकी एक्सेस स्कूटी (CG-10-CC-1267) ले ली थी।
रात में दीवार फांदकर घर में घुसे
पुलिस के अनुसार 26 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी बिलासपुर से जांजगीर पहुंचे। देर रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच उन्होंने नहर किनारे स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाया। पास के निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड उठाकर दीवार फांदकर घर में घुसे और दरवाजे का ताला तथा अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी कर ली।
चोरी के बाद आरोपी सुनसान मैदान में पहुंचे और नगदी आपस में बांट ली, जबकि जेवर मुख्य आरोपी ने बाद में बांटने की बात कहकर अपने पास रख लिए। इसके बाद सभी आरोपी स्कूटी से वापस बिलासपुर लौट गए।
बिचौलियों के जरिए बेचे चोरी के जेवर
चोरी के जेवरों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने अपने परिचितों की मदद ली। इस मामले में जीत कुमार सूर्यवंशी (22), निवासी सूर्यवंशी मोहल्ला तोरवा बिलासपुर, गीता प्रसाद साहू (37), निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर तथा सूरज सोनी (34), निवासी गुड़ीपारा खरौद, चांपा-शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया गया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
जांच में सामने आया कि चोरी के चांदी के आभूषण को बेचने के लिए जीत कुमार सूर्यवंशी ने आरोपियों की मुलाकात गीता प्रसाद साहू से कराई। इसके बाद गीता प्रसाद साहू ने उक्त जेवर को सूरज सोनी के पास बेचकर करीब 80 हजार रुपये प्राप्त किए। इस रकम में से 12-12 हजार रुपये बिचौलियों ने आपस में बांट लिए और शेष राशि मुख्य आरोपी को दे दी।
सोना-चांदी और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 ग्राम सोना, 796 ग्राम चांदी और 3600 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है।
दो आरोपी अब भी फरार
पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, निरीक्षक सागर पाठक, उपनिरीक्षक कमलदास बनर्जी, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, माखन साहू, प्रदीप दुबे, सहबाज खान, रोहित कहरा और प्रतीक सिंह का सराहनीय योगदान रहा।