भिलाई महिला महाविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में जूनियर्स द्वारा सीनियर्स के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
भिलाई। भिलाई महिला महाविद्यालय के गर्ल्स हॉस्टल में जूनियर्स द्वारा सीनियर्स के सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नाम “गोल्डन मेमोरीज़” रखा गया, जिसमें छात्राओं ने अपने हॉस्टल जीवन की यादों को साझा कर कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लोडियस, उप-प्राचार्या डॉ. आशा रानी दास, हॉस्टल वार्डन डॉ. निधि मोनिका शर्मा सहित महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएँ डॉ. भारती वर्मा एवं डॉ. दीप्ति चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें गीत, नृत्य एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियाँ शामिल रहीं। सीनियर छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए हॉस्टल जीवन की सुनहरी यादों को ताजा किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एम.एससी. फिजिक्स की छात्रा श्रृष्टि साहू द्वारा किया गया, जिनके संचालन ने पूरे कार्यक्रम को आकर्षक और व्यवस्थित बनाया।
कार्यक्रम का समापन भावुक विदाई के साथ हुआ, जहाँ जूनियर्स ने सीनियर्स को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



