एक साथ 6 Cyclonic Circulation हो गए हैं एक्टिव, अब अगले कई दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी…
- Heavy Rain Alert: भारत के मौसम विभाग यानी IMD ने पूरे हफ्ते के लिए देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दे दी है. देश में कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हैं, जिनकी वजह से लगातार बारिश हो सकती है. तेज हवाएं, बिजली गरजने और ओले पड़ने का भी खतरा है.
Heavy Rain Alert: देश के अलग-अलग हिस्सों में कई साइक्लोनिक सर्कुलेशन (Cyclonic Circulation) एक्टिव हो गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है. उत्तर-पश्चिम राजस्थान, उत्तर ओडिशा, पूर्वोत्तर बांग्लादेश, पूर्वोत्तर असम, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के ऊपर अलग-अलग स्तरों पर ये चक्रवाती सर्कुलेशन बने हुए हैं. इसके अलावा 2 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (Western Disturbance) भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. इन सभी सिस्टम के असर से देश के कई हिस्सों में कई दिनों तक लगातार बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.
उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29-30 मार्च और 2-4 अप्रैल के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 29-31 मार्च के दौरान गरज-चमक और 30-50 kmph की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. कश्मीर घाटी में 30 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है.