घटिया साड़ी वितरण: डबल इंजन भाजपा सरकार की नियत मे खोट…
- कम नाप की साड़ी वितरण से हुआ महिलाओं का अपमान*
भिलाई। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को वितरित की गई घटिया गुणवत्ता की साड़ियों को लेकर विरोध दर्ज करते हुए कहा है कि डबल इंजन की भाजपा सरकार एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जिन महिलाओं के कंधों पर पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, उन्हीं के सम्मान और अधिकारों के साथ सरकार द्वारा इस तरह का खिलवाड़ बेहद निंदनीय है।
जानकारी के अनुसार, राज्यभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को वितरित की गई साड़ियों की गुणवत्ता, लंबाई और कपड़े को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। कहीं साड़ी छोटी है, कहीं कपड़ा कमजोर है तो कहीं पहली धुलाई में ही रंग उड़ने और धागे निकलने की शिकायतें मिल रही हैं। यह स्थिति साफ दर्शाती है कि खरीद प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है।
डबल इंजन सरकार हमेशा पारदर्शिता और सुशासन का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट नजर आ रही है। करोड़ों रुपए खर्च कर खरीदी गई साड़ियों में इस तरह की खामियां यह साबित करती हैं कि जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों ने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन नहीं किया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं प्रदेश की रीढ़ हैं, जो कम वेतन और सीमित संसाधनों के बावजूद निष्ठा से अपना कार्य करती हैं। ऐसे में उन्हें सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, न कि उन्हें घटिया सामान देकर अपमानित करना। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने शासन से मांग की है कि साड़ी खरीद में हुई अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए,दोषी अधिकारियों एवं एजेंसियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए सभी प्रभावित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मानक के अनुरूप नई साड़ियां तत्काल उपलब्ध कराई जाएं यदि सरकार शीघ्र ही इस मामले में ठोस कदम नहीं उठाती है, तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
जावेद खान
प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई