हेमचंद यादव विश्वविद्यालय द्वारा अवार्ड प्राप्त दो उत्कृष्ट महाविद्यालयों के मध्य एमओयू …
हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के द्वारा “बेस्ट कॉलेज अवार्ड” प्राप्त दो प्रतिष्ठित संस्थानों शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय
एवं भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई के मध्य आज दिनांक 29 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना तथा दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देना है। इस समझौते के अंतर्गत फैकल्टी एक्सचेंज, स्टूडेंट एक्सचेंज, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन, सेमिनार, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP), तथा संयुक्त शोध (Research Collaboration) जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय से प्राचार्य डॉ. अजय सिंह, उप-प्राचार्य डॉ. जगजीत कौर सलूजा, तथा IQAC समन्वयक डॉ. प्रज्ञा कुलकर्णी उपस्थित रहे। वहीं भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई से प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, उप-प्राचार्य डॉ. आशा रानी दास, तथा IQAC समन्वयक डॉ. भावना पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने इस पहल को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि यह एमओयू छात्रों एवं शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा ज्ञान, नवाचार एवं अनुसंधान के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच आपसी सहयोग, संसाधनों के आदान-प्रदान एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।