पेप्टाइड्स स्किन के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। यह बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करने और स्किन बैरियर रिपेयर में मदद करता है।
लाइफस्टाइल डेस्क। स्किन केयर प्रोडक्ट्स में आपने पेप्टाइड्स का नाम जरूर सुना होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह आपकी स्किन के लिए क्या कमाल कर सकता है? पेप्टाइड्स असल में अमीनो एसिड की छोटी कड़ियां हैं जो हमारी त्वचा की मरम्मत और उसे जवां बनाए रखने में मदद करती हैं।
अगर आप भी अपनी स्किनकेयर रूटीन को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो आइए डॉ. चांदनी जैन गुप्ता (डर्मेटोलॉजिस्ट एंड एस्थेटिक फिजिशियन, एलांटिस हेल्थकेयर, नई दिल्ली) से जानें पेप्टाइड्स से जुड़े 10 जरूरी सवालों के जवाब।
पेप्टाइड्स त्वचा के लिए क्या करते हैं?
पेप्टाइड्स त्वचा को कोलेजन और इलास्टिन बनाने में मदद करते हैं। इससे त्वचा में कसाव आता है, वह कोमल होती है और हाइड्रेटेड रहती है। नियमित इस्तेमाल से यह स्किन बैरियर को मजबूत बनाते हैं, जिससे त्वचा स्वस्थ, भरी हुई और कम थकी हुई नजर आती है।
क्या विटामिन-सी या AHA/BHA के साथ इस्तेमाल कर सकते हैं?
जी हां, इनका साथ में इस्तेमाल बिल्कुल किया जा सकता है। हालांकि, बहुत तेज एसिड्स कुछ पेप्टाइड्स के असर को कम कर सकते हैं। जलन से बचने के लिए सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप विटामिन-सी सुबह लगाएं और पेप्टाइड्स रात में।
क्या इससे चेहरे पर दाने हो सकते हैं?
पेप्टाइड्स आमतौर पर बहुत जेंटल होते हैं और इनसे जलन की संभावना बहुत कम होती है। हालांकि, अगर किसी प्रोडक्ट में तेज खुशबू या हैवी इंग्रीडिएंट्स हैं, तो उससे दाने निकल सकते हैं। इसलिए नया प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट करना चाहिए।
क्या कॉपर पेप्टाइड्स साधारण पेप्टाइड्स से बेहतर होते हैं?
कॉपर पेप्टाइड्स घाव भरने और गहरी मरम्मत के लिए जाने जाते हैं। ये बढ़ती उम्र के लक्षणों और डैमेज स्किन के लिए ज्यादा असरदार हो सकते हैं। वहीं साधारण पेप्टाइड्स हाइड्रेशन और मजबूती के लिए अच्छे हैं। आपकी पसंद आपकी त्वचा की जरूरत पर निर्भर करती है।
क्या पेप्टाइड्स झुर्रियों को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं?
पेप्टाइड्स कोलेजन बढ़ाकर फाइन लाइन्स को कम जरूर करते हैं, लेकिन ये झुर्रियों को पूरी तरह मिटा नहीं सकते। इनका असर धीरे-धीरे दिखता है। बेहतर नतीजों के लिए इन्हें सनस्क्रीन और मॉइस्चराइजर के साथ लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहिए।
पेप्टाइड सीरम का असर दिखने में कितना समय लगता है?
नियमित इस्तेमाल से कुछ ही हफ्तों में त्वचा कोमल और हाइड्रेटेड महसूस होने लगती है। हालांकि, झुर्रियों और स्किन टेक्सचर में सुधार देखने के लिए 6 से 12 हफ्ते का समय लग सकता है।
पेप्टाइड्स लगाने का सही समय क्या है?
आप इन्हें सुबह और रात दोनों समय लगा सकते हैं। सुबह यह त्वचा को हाइड्रेटेड रखते हैं और रात में त्वचा की मरम्मत में मदद करते हैं। इन्हें चेहरा धोने के बाद और मॉइस्चराइजर लगाने से पहले लगाना सबसे अच्छा होता है।
क्या ये ढीली त्वचा और डैमेज स्किन बैरियर में सुधार करते हैं?
जी हां, पेप्टाइड्स त्वचा में कसाव लाकर उसे कम ढीला दिखने में मदद करते हैं। ये स्किन बैरियर को भी मजबूत करते हैं, जिससे रूखापन और सेंसिटिविटी कम होती है। डैमेज स्किन के लिए यह बेहद फायदेमंद हैं।
क्या पेप्टाइड्स और रेटिनॉल का साथ में इस्तेमाल किया जा सकता है?
बिल्कुल, ये दोनों साथ में बेहतरीन काम करते हैं। रेटिनॉल स्किन को रिन्यू करता है, जबकि पेप्टाइड्स रेटिनॉल से होने वाली जलन या रूखेपन को कम करके त्वचा की मरम्मत करते हैं।
क्या पेप्टाइड्स सेंसिटिव स्किन या एक्जिमा के लिए सुरक्षित हैं?
पेप्टाइड्स अपनी जेंटलनेस के कारण सेंसिटिव स्किन के लिए सुरक्षित माने जाते हैं। ये त्वचा के बैरियर को ताकत देते हैं, जो एक्जिमा जैसी समस्या में मददगार हो सकता है। बस ध्यान रखें कि प्रोडक्ट फ्रेग्रेंस फ्री हो।