आज का मौसम, 18 मई: भीषण गर्मी और लू के बीच होगी बारिश, IMD का इन राज्यों में अलर्ट…
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन गर्मी लोगों को परेशान करेगी। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि तेज गर्म हवाएं चलेंगी। पंजाब, हरियाणा में लू का असर बढ़ेगा।
18 मई को देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज काफी अलग रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज में यह बताया गया है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। विभाग ने कहा कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में लू चल सकती है। असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं।
अगले सात दिनों तक इन राज्यों में होगी बहुत भारी बारिश, मौसम विभाग की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन गर्मी लोगों को परेशान करेगी। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि तेज गर्म हवाएं दिनभर चलेंगी। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी लू का असर बढ़ेगा। उत्तर प्रदेश में कई इलाकों में गर्मी और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकती है। आने वाले दिनों में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी दी गई है। मध्य प्रदेश, विदर्भ में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, अधिक पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
इन राज्यों में कल होगी बारिश
दक्षिण भारत के राज्यों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देगा। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। केरल और माहे में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में तेज हवाओं के साथ बिजली और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में समुद्र उफान पर रहने की चेतावनी जारी की गई है। मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
असम, मेघालय के मौसम का हाल
पूर्वोत्तर भारत में 18 मई को मानसून पूर्व गतिविधियां तेज रहेंगी। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और भूस्खलन जैसी घटनाएं हो सकती हैं। पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाकों और सिक्किम में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है।
बिहार, झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रहेगा। बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश और तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक देश में दो तरह का मौसम देखने को मिलेगा। एक तरफ उत्तर और मध्य भारत में प्रचंड गर्मी तो दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश और आंधी। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने और सलाह का पालन करने की अपील की है।