June 7, 2026

IGKV दीक्षांत समारोह: जिले के पहले कृषि अभियंता सौरभ देवांगन को पीएचडी की उपाधि…

IMG-20260518-WA0016

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के 11वें दीक्षांत समारोह में शोधार्थी सौरभ कुमार देवांगन को कृषि अभियांत्रिकी में पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया। उन्हें यह उपाधि महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा प्रदान की गई।

डॉ. सौरभ कुमार देवांगन अपने जिले के पहले युवक हैं जिन्होंने कृषि अभियांत्रिकी विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल की है। साथ ही वे प्रदेश के देवांगन समाज के पहले व्यक्ति हैं जिनके पास कृषि अभियांत्रिकी की डिग्री है।

डॉ. सौरभ ने वर्ष 2022 में पीएचडी में प्रवेश लिया था। उनके शोध का विषय “उच्च क्षमता वाली मूंगफली थ्रेशर का विकास” रहा। उन्होंने बताया कि यह मशीन किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी। इस थ्रेशर से मूंगफली की गहाई में समय और श्रम की बचत होगी, जिससे उत्पादन लागत कम होगी।

डॉ. देवांगन ने कहा कि उनका उद्देश्य किसानों को धान की फसल पर निर्भरता कम करके मूंगफली जैसी तिलहनी फसलों की ओर अग्रसर करना है। देश में मूंगफली की खेती बढ़ने से खाद्य तेल उत्पादन में वृद्धि होगी और भारत की आयात पर निर्भरता कम हो सकेगी।

वर्तमान में डॉ. सौरभ कुमार देवांगन नीति आयोग के ‘एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो’ के पद पर कार्यरत हैं और ग्रामीण विकास के लिए सतत रूप से काम कर रहे हैं।

इस उपलब्धि पर उन्होंने अपने शोध निदेशक, शिक्षकों, परिवार एवं मित्रों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपाधि अंत नहीं, बल्कि कृषि यंत्रीकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए अनुसंधान की शुरुआत है।

You may have missed