समझौता ज्ञापन (MoU) हस्ताक्षर समारोह…
भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई एवं शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई के मध्य दिनांक 15 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों के मध्य शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करना तथा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में आपसी सहयोग को प्रोत्साहित करना है। इस समझौते के अंतर्गत फैकल्टी एक्सचेंज, स्टूडेंट एक्सचेंज, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन, सेमिनार, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP), कार्यशालाएँ तथा संयुक्त शोध गतिविधियों (Research Collaboration) का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई से प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, उपप्राचार्या डॉ. आशा रानी दास, IQAC प्रभारी डॉ. भावना पांडेय, NAAC समन्वयक डॉ. रूपम अजीत यादव एवं वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतीक्षा पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उतई से प्राचार्य डॉ. डी. पी. कुर्रे, उपप्राचार्या डॉ. शुभा शर्मा, IQAC प्रभारी डॉ. अवधेश कुमार श्रीवास्तव एवं हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सियाराम शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने इस पहल को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी कदम बताते हुए कहा कि यह समझौता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा तथा ज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में सकारात्मक एवं रचनात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगा।
यह समझौता दोनों संस्थानों के मध्य आपसी सहयोग, संसाधनों के आदान-प्रदान तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।