लाइफस्टाइल: पिंपल्स और टैनिंग से हैं परेशान? गेंदा फूल का यह देसी नुस्खा कर देगा कमाल, जरूर आजमाएं
आजकल लोग चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने के लिए पार्लर और केमिकल युक्त ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. इनसे कुछ समय के लिए चमक जरूर मिलती है, लेकिन बाद में त्वचा पर साइड इफेक्ट भी देखने को मिल सकते हैं. वहीं प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल त्वचा के लिए ज्यादा सुरक्षित और फायदेमंद माना जाता है, जिससे चेहरे पर लंबे समय तक प्राकृतिक निखार बना रहता है.
पूर्णिया: गेंदा का फूल सिर्फ पूजा और सजावट के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा की खूबसूरती बढ़ाने के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण चेहरे से पिंपल्स, झुर्रियां और टैनिंग को कम करने में मदद करते हैं. साथ ही यह त्वचा को बिना किसी नुकसान के प्राकृतिक निखार देने का काम करता है.
प्राकृतिक चीजों का उपयोग
आजकल लोग चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए पार्लर और केमिकल युक्त ब्यूटी प्रोडक्ट्स का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं. इन चीजों से कुछ समय के लिए फायदा जरूर मिलता है, लेकिन बाद में कई बार त्वचा पर साइड इफेक्ट भी देखने को मिलते हैं. वहीं प्राकृतिक चीजों का उपयोग त्वचा के लिए सुरक्षित माना जाता है. यही वजह है कि आज भी कई लोग पुराने घरेलू और प्राकृतिक उपायों को अपनाते हैं.
गेंदा का फूल प्रकृति का एक बड़ा उपहार
पूर्णिया जिला औषधालय केंद्र के आयुर्वेदाचार्य डॉ. नंद कुमार मंडल बताते हैं कि गेंदा का फूल प्रकृति का एक बड़ा उपहार है. इसका उपयोग सिर्फ पूजा-पाठ या सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्राकृतिक सौंदर्य बढ़ाने में भी काफी मददगार है. उनका कहना है कि आजकल लोग चेहरे की खूबसूरती के लिए महंगे पार्लर में पैसे खर्च करते हैं, जबकि गेंदा का फूल कम खर्च में बेहतर और प्राकृतिक निखार दे सकता है.
सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी
उन्होंने बताया कि गेंदा फूल का सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है. इसके लिए सबसे पहले गेंदा की पंखुड़ियों को तोड़कर अच्छी तरह पीस लें. इसके बाद इसमें कच्चा दूध, दही या बेसन में से किसी एक चीज को मिलाकर हल्का पेस्ट तैयार कर लें. इस पेस्ट को चेहरे पर क्रीम की तरह लगाएं और करीब एक घंटे तक सूखने के लिए छोड़ दें. बाद में साफ पानी से चेहरा धो लें.
चेहरे पर प्राकृतिक चमक
डॉ. मंडल के अनुसार कुछ दिनों तक नियमित रूप से ऐसा करने पर चेहरे पर प्राकृतिक चमक आने लगती है. इससे त्वचा साफ और मुलायम महसूस होती है. उनका कहना है कि प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल न सिर्फ सुरक्षित है, बल्कि लंबे समय तक त्वचा को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने में भी मदद करता है.



