June 5, 2026

रद्द होगा यूनियन अध्यक्ष की सेवा समाप्ति और 12 कर्मचारियों का निलंबन …

IMG-20260605-WA0053
  • जिला व पुलिस प्रशासन की टॉप वर्थ प्रबंधन के साथ बैठक में एचएमएस यूनियन को मिली बड़ी सफलता

भिलाई / श्रम कानूनों का पालन कराने और अपने वाजिब हक सहित वेतन संशोधन जैसी मांगों को लेकर टॉप वर्थ स्टील एंड पावर लिमिटेड अमलगम रसमड़ा के खिलाफ 20 दिनों तक चले शांतिपूर्ण आंदोलन सौहार्दपूर्ण माहौल में 4 जून को समाप्त हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में जिला व पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में टॉप वर्थ के साथ यूनियन पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें यूनियन अध्यक्ष की सेवा समाप्ति और 12 कर्मचारियों का निलंबन आदेश रद्द कर कर शीघ्र ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर पुनः सेवा में वापसी कराने समझौता हुआ। यह एचएमएस यूनियन से संबद्ध टॉप वर्थ स्टील एंड पावर नियमित एवं ठेका कर्मचारी संघ की बड़ी सफलता है।

हिंद मजदूर सभा ( एचएमएस ) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष तथा टॉप वर्थ स्टील एंड पावर नियमित एवं ठेका कर्मचारी संघ के संरक्षक एच एस मिश्रा ने बताया कि विगत 16 मई 2026 से टॉप वर्थ स्टील एंड पावर लिमिटेड अमलगम रसमड़ा में विभिन्न श्रम कानूनों का अक्षरस: पालन कराने, रोलिंग मिल के कर्मचारियों को वाजिब हक दिलाने, वेतन संशोधन एवं शोषण समाप्त करने शांति प्रिय तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान कंपनी प्रबंधन ने एक तरफा निर्णय लेते हुए कर्मचारी हित की बात करने वाले टॉप वर्थ स्टील एंड पावर नियमित एवं ठेका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मुकुंद पाण्डेय की सेवा समाप्ति सहित 12 पदाधिकारियों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी कर दिया। इस बीच 19 मई को एसडीएम दुर्ग हरबंश मिरी के कार्यालय में सभी पक्षों की 5 घंटे तक चली बैठक बेनतीजा रही। वहीं 2 जून को अनेक बार बैठक होने की जानकारी और आश्वासन के बाद भी कोई बैठक नहीं हो सकी।

श्री मिश्रा ने बताया कि आखिरकार 4 जून को पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में सभी पक्षों की बैठक हुई। बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। एचएमएस यूनियन की ओर से कर्मचारी हित की बात करने वाले अध्यक्ष मुकुंद पाण्डेय की सेवा समाप्ति और 12 पदाधिकारियों के निलंबन आदेश निरस्त करने की बात प्रमुखता से रखी गई। इसके लिए बैठक में मौजूद टॉप वर्थ प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों ने जल्द से जल्द उच्च प्रबंधन से चर्चा एवं निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर अध्यक्ष की सेवा समाप्ति और 12 पदाधिकारियों के निलंबन को रद्द कर पुनः सेवा में वापसी कराने का आश्वासन दिया है। इस बैठक में प्रशासन की ओर से एडीएम वीरेंद्र सिंह ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, एडिशन एसपी शहर सुखनंदन राठौर, आईपीएस सीएसपी दुर्ग हर्षित मेहर, सहायक श्रमायुक्त विकास सरोदेय, वसुमित्र दीवान, पुलगांव थाना प्रभारी गुरुविंदर सिंह संधू, अंजोरा चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सोनी, श्रम निरीक्षक बसंत वर्मा, प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड जय थामस, एचआर हेड विनोद सिंह, उप महाप्रबंधक कांति ऋषि, परचेस हेड श्री सिद्धार्थ, यूनियन की ओर से संरक्षक एच एस मिश्रा, अध्यक्ष मुकुंद पाण्डेय, महामंत्री पंकज शर्मा, संगठन मंत्री नेपाल सिंह, उप महामंत्री विजय मूर्ति, इकबाल सिंह, कर्मचारी माखन शाह, मनप्रीत सिंह, सूरज यादव आदि उपस्थित थे।