शहर सरकार के मंत्री लक्ष्मीपति मिले टाउनशिप के CGM श्रीनिवास से …
- सड़क 38 से लेकर 43 तक फैले पीलिया के मामले को लेकर CGM से हुई सार्थक चर्चा
- वर्षों पुरानी पेयजल पाइप लाइन बदलने की रखी मांग
- अब तक पीलिया के 15 मरीज आए सामने, स्वस्थ अमला सक्रिय
भिलाई। सेक्टर-07, सड़क क्रमांक 41 से 43, में लंबे समय से दूषित एवं गंदे पेयजल की आपूर्ति के कारण क्षेत्र में पीलिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को लेकर पार्षद एवं अध्यक्ष खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग नगर पालिक निगम भिलाई, लक्ष्मीपति राजू के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने आज नगर सेवाएं विभाग, भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक (टाउनशिप) श्री ए. बी. श्रीनिवास से भेंट कर विस्तृत शिकायत एवं मांग पत्र सौंपा।
क्षेत्रवासियों ने मुख्य महाप्रबंधक को अवगत कराया कि क्षेत्र में विगत कई दिनों से प्रदूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 12 से 15 बच्चे पीलिया से प्रभावित हुए हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक बालक की स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई थी और चिकित्सकों द्वारा उसके लिवर प्रत्यारोपण (लिवर ट्रांसप्लांट) तक की आवश्यकता की आशंका व्यक्त की गई थी। इस कारण क्षेत्रवासियों में भय एवं चिंता का वातावरण निर्मित हो गया है।
ज्ञापन में बताया गया कि दूषित जल की समस्या के संबंध में पूर्व में भी संबंधित विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, किंतु समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नागरिकों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल पाइपलाइन की तकनीकी जांच कराने, क्षतिग्रस्त एवं जर्जर पाइपलाइन को तत्काल बदलने तथा प्रभावित नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्य महाप्रबंधक श्री ए. बी. श्रीनिवास ने विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए तथा तत्काल सर्वेक्षण कराए जाने एवं आवश्यकतानुसार पेयजल पाइपलाइन बदलने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में पेयजल गुणवत्ता की जांच एवं समस्या के शीघ्र निराकरण हेतु प्रभावी कार्यवाही किए जाने की बात कही।
पार्षद एवं अध्यक्ष खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग नगर पालिक निगम भिलाई के लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि समस्या के पूर्ण समाधान तक लगातार प्रशासन एवं प्रबंधन स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने मुख्य महाप्रबंधक द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन स्वीकार करते हुए शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की है, ताकि दूषित पेयजल की समस्या का स्थायी निराकरण हो सके तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
