मानवीय संवेदना की मिसाल बनीं प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो…
- भीड़भाड़ वाली सड़क पर असहाय बुजुर्ग महिला का थामा हाथ, सुरक्षित कराया मार्ग पार
जांजगीर – चांपा। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का निर्वहन करना भी है। इस भावना को साकार करते हुए थाना चांपा में पदस्थ प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो ने अपनी सेवा-निष्ठा और मानवीय संवेदनाओं का प्रेरणादायक परिचय दिया।
गुरुवार की रात्रि लगभग 8 बजे नियमित पेट्रोलिंग के दौरान जब वे चांपा टाउन क्षेत्र के बैरियर चौक से गुजर रही थीं, तभी उनकी नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी, जो सड़क पर अत्यधिक यातायात और शारीरिक कमजोरी के कारण सड़क पार करने में असमर्थ थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक तत्काल बुजुर्ग महिला के पास पहुंचीं। उन्होंने आत्मीयता से उनका हाथ थामा और पूरी सावधानी के साथ उन्हें सुरक्षित सड़क पार कराई। इस मानवीय सहयोग से बुजुर्ग महिला ने राहत की सांस ली और भावुक होकर पुलिस अधिकारी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
यह छोटा-सा किंतु अत्यंत प्रेरणादायक कार्य पुलिस के सेवा, सुरक्षा और संवेदनशीलता के मूल मंत्र को साकार करता है। प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक रुकसाना बानो की यह पहल इस बात का सशक्त संदेश देती है कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है।
उनके इस सराहनीय कार्य की स्थानीय नागरिकों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की तथा इसे जनसेवा और मानवीय पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।