June 27, 2026

भिलाई इस्पात संयंत्र में नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह का प्रथम चरण संपन्न…

IMG-20260627-WA0031

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की ऐतिहासिक नेहरू अवार्ड योजना के अंतर्गत वर्ष 2025 के लिए नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह का प्रथम चरण दिनांक 27 जून 2026 को आयोजित किया गया।

दो दिवसीय इस पुरस्कार वितरण समारोह के प्रथम दिन संयंत्र के कुल 119 पुरस्कारों को तीन श्रेणियों—जवाहर पुरस्कार, नेहरू पुरस्कार तथा जवाहर लाल नेहरू समूह पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य संयंत्र के उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य निष्पादन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान का अभिनंदन करना तथा अन्य कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित करना है। समारोह के द्वितीय चरण में वर्क्स क्षेत्र के अन्य समूह पुरस्कार विजेताओं को आगामी सोमवार को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक प्रभारी (बीएसपी) एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती रहें व विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री प्रबीर कुमार सरकार, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री तुषार कांत, कार्यपालक निदेशक (माइंस) श्री कमल भास्कर तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी उपस्थित रहीं। समारोह में संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण, ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुरस्कार विजेता तथा उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

नेहरू पुरस्कार वितरण समारोह के प्रथम दिवस जवाहर पुरस्कार श्रेणी में 33 अधिकारियों को उनके व्यक्तिगत योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नेहरू पुरस्कार श्रेणी में 63 कर्मचारियों को व्यक्तिगत उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि जवाहर लाल नेहरू समूह पुरस्कार श्रेणी में 23 समूहों को उनके सामूहिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस प्रकार प्रथम चरण में कुल 119 पुरस्कारों से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संयंत्र की प्रगति एवं उत्कृष्ट कार्य निष्पादन में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

 

अपने संबोधन में श्री ए.के. चक्रवर्ती, ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि ये पुरस्कार उनके समर्पण, प्रतिबद्धता तथा संगठन की प्रगति में दिए गए उत्कृष्ट योगदान का सम्मान हैं। उन्होंने कहा कि यद्यपि ये पुरस्कार व्यक्तिगत रूप से प्रदान किए जाते हैं, किंतु वे पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों के भी प्रतीक हैं।

श्री चक्रवर्ती ने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मान पुरस्कार विजेताओं को भविष्य में और भी उच्च प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा तथा अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य कर आने वाले वर्षों में ऐसा ही सम्मान प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कर्मचारियों से निरंतर सीखने और आत्म-सुधार की संस्कृति को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी कर्मचारी समान प्रतिबद्धता के साथ मिलकर कार्य करते रहें, अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से सहकर्मियों को प्रेरित करें तथा सामूहिक प्रयासों से कंपनी को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

 

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन) श्री जे एन ठाकुर ने अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं एवं उपस्थित जनों का स्वागत करते हुए नेहरू पुरस्कार योजना की रूपरेखा एवं वर्ष 2025 के पुरस्कारों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए संयंत्र की सतत प्रगति एवं उत्कृष्ट निष्पादन के लिए निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

 

समारोह में कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री प्रियंका मीणा ने किया व धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री निवेश विजयन ने दिया। प्रशस्ति पत्र हेतु विजेताओं के नाम का वाचन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन) श्री मिहिर मनोहर तथा उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री समायला अंसारी ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इस्पात बिरादरी के सदस्य एवं पुरस्कार विजेताओं के परिजन उपस्थित रहे।

 

उल्लेखनीय है कि भिलाई इस्पात संयंत्र की नेहरू अवार्ड योजना संयंत्र की सबसे पुरानी एवं प्रतिष्ठित पुरस्कार योजनाओं में से एक है। इसके अंतर्गत अधिकारियों को व्यक्तिगत उत्कृष्ट योगदान के लिए जवाहर पुरस्कार, कर्मचारियों को व्यक्तिगत उत्कृष्ट योगदान के लिए नेहरू पुरस्कार तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समूहों को सामूहिक उपलब्धियों के लिए जवाहर लाल नेहरू समूह पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य संगठन में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, नवाचार एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करना है।

————-