June 27, 2026

अधूरी नाली निर्माण से वार्डवासियों की बढ़ी परेशानी,बारिश में जलभराव से होगा लोगो को प्रभावित…

IMG-20260627-WA0029

राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद -: नगर के वार्ड नंबर सात में लगभग आठ लाख रुपये की लागत से बनने वालु नाली निर्माण कार्य में गड्ढा कर अधूरा छोड़ दिए जाने से वार्ड के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात शुरू होते ही सड़क और गलियों में पानी जमा होने लगा है,जिससे उस वार्ड के लोग प्रभावित हो रहे है और रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वार्डवासियों का कहना है कि नाली निर्माण का कार्य कई दिनों पहले शुरू किया गया था,लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है।निर्माण सामग्री और खुदी हुई नालियां जगह-जगह पड़ी हुई हैं, जिससे बारिश का पानी निकासी नहीं होने के कारण सड़कों पर भर रहा है। कई घरों के सामने जलभराव की स्थिति बन गई है,जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड के नागरिकों ने बताया कि बरसात के मौसम में गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका है,जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।बच्चों,बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य पूरा कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।वही उस वार्ड के पार्षद पार्वती ध्रुव ने बताया कि नाली निर्माण के विषय में उन्हें न कुछ पूछा गया है और न ही बताया गया है ।

अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन वार्डवासियों की इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेकर राहत पहुंचाता है या बरसात में लोगो को मुसीबत झेलना पड़ेगा।