June 29, 2026

Awarapan 2 Teaser: मौत का ठुकराया दिलजला आशिक बने इमरान हाशमी, दिशा पाटनी देंगी पनाह?

images (2)
  • इमरान हाशमी की सबसे कल्ट फिल्मों में से एक ‘आवारापन’ (2007) के सीक्वल ‘आवारापन 2’ का धमाकेदार टीजर रिलीज कर दिया गया है. टीजर में इमरान हाशमी अपने आइकॉनिक किरदार ‘शिवम’ के रूप में जबरदस्त कमबैक करते दिख रहे हैं. दमदार डायलॉग्स और आइकॉनिक गाने ‘तो फिर आओ’ के नए वर्जन के साथ इमरान का लुक होश उड़ाने वाला है.

नई दिल्ली ,29 जून 2026: ‘पूरा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ…’ राघव जुयाल ने जब से ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ वेब सीरीज में यह डायलॉग बोला है, इमरान हाशमी के फैंस उन्हें फिर से उनके धांसू अंदाज में देखने के लिए बेताब हैं. जब इमरान ने अपनी आइकॉनिक फिल्म आवारापन 2 अनाउंस की, तो उनके फैंस ने इस फिल्म से वह बेताबी मिटने की आस लगा ली.

 

 

अब आवारापन 2 का टीजर आ गया है और इसमें इमरान हाशमी को देखकर उनके फैंस की एक्साइटमेंट फिर से उमड़ने लगेगी. अपने करियर के सबसे यादगार किरदारों में से एक, ‘शिवम’ के रोल में इमरान का कमबैक धमाका करने के लिए तैयार नजर आ रहा है.

 

‘जिसे मौत ने भी नहीं अपनाया’

आवारापन 2 का टीजर नॉस्टैल्जिया, दमदार म्यूजिक, रहस्यमयी कहानी और डायलॉगबाजी से इस तरह सजाया गया है कि इसमें इमरान हाशमी लंबे समय बाद अपने पूरे जलवे के साथ नजर आ रहे हैं. ऑलमोस्ट 20 साल पहले आवारापन (2007) में शिवम का किरदार कहानी के अंत में मरता नजर आया था, मगर आवारापन 2 का टीजर शिवम की वापसी से ही शुरू होता है. बाइक पर बैठे इमरान हाशमी की एंट्री के साथ, उनकी ही आवाज में डायलॉग आता है— ‘कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होतीं, उनकी कहानी दूसरों के लिए लिखी जाती है.’

 

पहली फिल्म में शिवम की प्रेमिका की मौत के बाद उसमें इमोशन्स का एक अलग सागर उमड़ने लगा था. उस तूफान को शांत करने के लिए इमरान का किरदार फाइट्स में जान दांव पर लगाता दिख रहा है. आवारापन 2 का टीजर यहीं पर शानदार बॉडी बनाकर आ रहे इमरान का फेस रिवील करता है. बीच में डायलॉग है— ‘मौत भी अजीब है, उसने मुझे छुआ पर अपनाया नहीं.’

 

इसके बाद टीजर में वेटरन एक्ट्रेस शबाना आजमी की एंट्री होती है, जिनका नजर आना सरप्राइज से कम नहीं है. उनका आवारापन 2 में होना इस बात की भी गारंटी है कि डायरेक्टर नितिन कक्कड़ ने कुछ तो ऐसी कहानी बुनी है कि शबाना जी इसके लिए तैयार हो गईं. और अंत में टीजर फिल्म की एक्ट्रेस दिशा पाटनी का फेस रिवील करता है. कहानी के एक्शन और गैंगस्टर माहौल की झलक दिखाते हुए यह टीजर फिर से इमरान के डायलॉग पर खत्म होता है— ‘इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा, या मैं.’ यहां देखें आवारापन 2 का टीजर:

 

 

आवारापन 2 के म्यूजिक ने जमाया माहौल

ओरिजिनल आवारापन के गाने आज भी खूब सुने जाते हैं. इसका आइकॉनिक गाना ‘तो फिर आओ’ अब आवारापन 2 के टीजर में जान डाल रहा है. टीजर में इस गाने का एक नया वर्जन है, जिसके लिरिक्स कहानी को बहुत सूट कर रहे हैं.

 

आवारापन 2 का टीजर इमरान के सिग्नेचर स्टाइल की वापसी है. इसे देखकर ही पक्के इमरान फैंस टिकट खरीदने के लिए रेडी हो जाएंगे. 14 अगस्त को आवारापन 2 एक बॉक्स ऑफिस क्लैश में रिलीज हो रही है. इसके सामने सनी देओल की फिल्म बंटवारा 1947 आने वाली है. टीजर के दम पर तो लग रहा है कि आवारापन 2 इस मुकाबले में दमदार तरीके से उतरने के लिए तैयार है.