भिलाई की बसाहट बचाने सेक्टर-2 से शुरू हुआ जनसंपर्क अभियान, बोले देवेंद्र यादव- ‘आंदोलन ही अब आखिरी रास्ता’…
- नोटिसधारी परिवारों से मुलाकात कर मांगा समर्थन, कहा- ‘घर नहीं, हमारी जिंदगी और भावनाएं हैं, इन्हें खाली नहीं होने देंगे’
भिलाई। भिलाई नगर विधानसभा के विधायक देवेंद्र यादव ने मंगलवार को बीएसपी टाउनशिप में लाइसेंस, लीज और रिटेंशनधारी परिवारों को जारी किए जा रहे नोटिसों के विरोध में सेक्टर-2 से घर-घर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने नोटिस प्राप्त परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन के लिए समर्थन मांगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसपी प्रबंधन चरणबद्ध तरीके से टाउनशिप खाली कराने की योजना पर काम कर रहा है। पहले रिटेंशनधारियों, फिर लीजधारियों और अब लाइसेंसधारियों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उनका दावा है कि भविष्य में कर्मचारियों की संख्या घटने के बाद कुछ सेक्टरों को छोड़कर शेष टाउनशिप खाली कर निजी एजेंसियों, बिल्डरों या बड़े उद्योगपतियों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
विधायक ने सभी नोटिसधारी परिवारों से अपील की कि वे अपने-अपने नोटिस और समर्थन पत्र उन्हें सौंपें। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेज एकत्रित कर प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मांगकर प्रधानमंत्री के समक्ष पूरे मामले को रखा जाएगा। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक प्रभावित परिवार की भागीदारी जरूरी होगी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार की मंशा टाउनशिप खाली कराने की दिखाई दे रही है और केवल बयान देने से यह नहीं रुकेगा। यदि भिलाई की बसाहट को बचाना है तो संगठित संघर्ष ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से यह लड़ाई जीती जाएगी और किसी भी परिवार को जबरन घर खाली नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में टाउनशिप में लगातार विकास कार्य हुए थे और रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी थी। उनका दावा है कि भविष्य में फिर सरकार बनने पर पक्के मकानों सहित विकास के कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में बीएसपी प्रबंधन पानी, सड़क, सीवरेज और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त काम नहीं कर रहा और इन्हीं जिम्मेदारियों से बचने के लिए मकान खाली कराने की कोशिश की जा रही है।
मीडिया से चर्चा में विधायक ने कहा कि भिलाई की बसाहट को खत्म करने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीएसपी प्रबंधन और डबल इंजन की सरकार चाहे जितने प्रयास कर लें, टाउनशिप को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर प्रभावित परिवारों का समर्थन करने की अपील की।

