डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और सिद्धांतों की प्रेरक गाथा : प्रेम प्रकाश पाण्डेय
भिलाई। भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन तथा अन्य अतिथियों द्वारा भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रनिर्माण में डॉ. मुखर्जी के अमूल्य योगदान का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, श्री शंकर लाल देवांगन, श्री शिरीष अग्रवाल, श्रीमती दिव्या भसीन, श्री मनीष अग्रवाल, श्री योगेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री वीरेंद्र साहू, श्री महेश वर्मा तथा श्री सूरज जायसवाल सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित, सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की प्रथम केंद्र सरकार में उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बावजूद जब उन्हें लगा कि सरकार की कुछ नीतियाँ राष्ट्रहित के अनुरूप नहीं हैं, तब उन्होंने मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि उनके लिए पद नहीं, बल्कि राष्ट्र सर्वोपरि था।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने सदैव राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भारत की सांस्कृतिक चेतना को सर्वोच्च स्थान दिया। उन्होंने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष का मार्ग चुना। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आज भी देश के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, संगठन और सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद से अधिक महत्वपूर्ण राष्ट्र और उसके सिद्धांत होते हैं। डॉ. मुखर्जी ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और आवश्यकता पड़ने पर सत्ता का त्याग भी किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प ले। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन, संगठन और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का कार्य करे, यही डॉ. मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया तथाउनके राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। साथ ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रत्येक बूथ पर 125 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी का प्रतीक है। आइए, हम सभी कार्यकर्ता एवं नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए प्रत्येक बूथ को हरित एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष त्रिलोचन सिंह, गोपाल कृष्ण वर्मा, पूनम शुक्ला, चन्ना केशवलू,मंत्री विनोद सिंह, रश्मि सिंह, भारती साहू, मनोज तिवारी, कुबेर शर्मा, कोषाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह,कार्यालय सह प्रभारी राजेंद्र सिंह, तिलक राज यादव, सोशल मीडिया प्रभारी रवि कश्यप, आईटी सेल बॉबी चौहान, सुभाष शर्मा, मो. जाकिर हुसैन, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वीटी कौशिक, प्रेम चंद देवांगन डॉ प्रदीप चौधरी, प्रभुवेल सैम्पसन (सनी),निशु पांडे,विशाल दीप नायर,अनुसूचित जनजाति अध्यक्ष तुलसी राम ध्रुव, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष दिनेश देवांगन, डॉ. प्रदीप चौधरी,एवं मंडल महामंत्री सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
