भारत–यूके मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू होने पर हर्ष व्यक्त…
भिलाई, छत्तीसगढ़।भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौता (Free Trade Agreement – FTA) लागू होने पर उद्योग एवं व्यापार जगत में उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर यूके बिजनेस डेलीगेशन के सदस्य एवं उद्योग चेम्बर भिलाई के अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह समझौता भारतीय उद्योगों, विशेषकर MSME क्षेत्र के लिए वैश्विक बाजार में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि उन्हें हाल ही में माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल जी के नेतृत्व में भारत सरकार एवं FICCI के बिजनेस डेलीगेशन के सदस्य के रूप में यूके जाकर वहाँ के उद्योग, एडवांस मैन्युफैक्चरिंग, नवाचार, निवेश और व्यापारिक अवसरों का प्रत्यक्ष अध्ययन करने का अवसर मिला था। उस दौरान जिन विषयों पर चर्चा हुई थी, आज FTA लागू होने के साथ वे अब वास्तविक अवसरों के रूप में सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस समझौते से इंजीनियरिंग उत्पादों, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, मशीनरी, टेक्नोलॉजी, सेवा क्षेत्र तथा निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी और ‘Make in India’ अभियान को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के प्रदेश महामंत्री श्री अजय भसीन जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री गार्गीशंकर मिश्र जी तथा चैंबर की सभी इकाइयों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि उनके निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन से छत्तीसगढ़ के उद्योगों की आवाज राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक प्रभावी रूप से पहुँची है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत–यूके FTA के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उद्योगों को निर्यात, तकनीकी सहयोग, संयुक्त उद्यम (Joint Ventures) तथा विदेशी निवेश के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। यह समझौता राज्य के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी सृजित करेगा।
अंत में डॉ. जितेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल जी, भारत सरकार, FICCI, तथा छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समझौता भारत को वैश्विक विनिर्माण एवं व्यापारिक महाशक्ति बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जारीकर्ता:
डॉ. जितेन्द्र प्रसाद गुप्ता
अध्यक्ष – उद्योग चेम्बर, भिलाई
यूके बिजनेस डेलीगेशन सदस्य (भारत सरकार एवं FICCI)