भिलाई महिला महाविद्यालय के शिक्षा विभाग में 15 दिवसीय “स्किल डेवलपमेंट: कला संगम” कार्यशाला का शुभारंभ।
भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई के शिक्षा विभाग द्वारा बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के लिए 15 दिवसीय “स्किल डेवलपमेंट: कला संगम” कार्यशाला का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति, नवाचार, शिक्षण-अधिगम सामग्री (Teaching Learning Material) निर्माण तथा व्यावसायिक एवं शिक्षण कौशल का विकास करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल विकास भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएँ भावी शिक्षकों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक सोच को सशक्त बनाती हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि फेविक्रिल (Pidilite) की प्रशिक्षक श्रीमती सुरेखा यादव ने कला एवं शिल्प की विभिन्न विधाओं का परिचय देते हुए बताया कि आगामी 15 दिनों में छात्राएँ अनेक प्रकार की कलात्मक तकनीकों, क्राफ्ट निर्माण, शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) निर्माण तथा रचनात्मक गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। उन्होंने कला को शिक्षा का प्रभावी माध्यम बताते हुए छात्राओं को पूरे मनोयोग से सीखने के लिए प्रेरित किया। उनकी प्रस्तुति से बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्राएँ अत्यंत उत्साहित दिखाई दीं और नई-नई कलाएँ सीखने के प्रति विशेष रुचि एवं जिज्ञासा व्यक्त की।
शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मोहना सुशांत पंडित ने कार्यशाला की विस्तृत रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस 15 दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से छात्राओं के रचनात्मक, कलात्मक एवं शिक्षण कौशल का समग्र विकास किया जाएगा, जिससे वे भविष्य में अधिक दक्ष, नवाचारी एवं प्रभावी शिक्षिका बन सकें।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. भावना चौहान ने किया, श्रीमती नाज़नीन बेग ने सभी अतिथियों, प्राचार्या, विभागाध्यक्ष, प्रशिक्षक, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग की सहायक प्राध्यापिकाएँ डॉ. हेमलता सिदार, श्रीमती आशा साहू एवं श्रीमती रोमा टंडन उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन आगामी 15 दिनों तक आयोजित होने वाली गतिविधियों में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता एवं सफल प्रशिक्षण की शुभकामनाओं के साथ हुआ।



