वायरल वीडियो बना सुराग, 10 भैंस चोरी का राजफाश…
- अकलतरा पुलिस की सक्रियता से दो आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर बिक्री की कोशिश पड़ी भारी
जांजगीर-चांपा। अपराधी अक्सर यह भूल जाते हैं कि अपराध के निशान कहीं न कहीं अवश्य छूट जाते हैं। अकलतरा थाना क्षेत्र में 10 भैंसों की चोरी का मामला भी कुछ ऐसा ही रहा, जहां चोरी की गई भैंसों को बेचने के उद्देश्य से बनाया गया एक वायरल वीडियो ही आरोपियों के गले की फांस बन गया। पुलिस की सतर्क विवेचना, तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई ने इस सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी नंदा यादव ने 12 जुलाई को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 8 जुलाई को अपनी 10 भैंसों को जंगल में चरने के लिए छोड़ा था, लेकिन शाम तक सभी भैंसें वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर चोरी की आशंका जताई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान प्रार्थी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें चोरी हुई भैंसों को बेचने के उद्देश्य से उनका प्रदर्शन किया जा रहा था। यह वीडियो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान सोमू भारद्वाज, निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा के रूप में हुई।
पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी सनी उर्फ सचिन यादव, निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक 3, अकलतरा के साथ मिलकर भैंसों की चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाना स्वीकार कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सनी उर्फ सचिन यादव (18 वर्ष), निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक 3, थाना अकलतरा।
सोमू भारद्वाज (22 वर्ष), निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा।