घर में आगजनी, महिला गिरफ्तार, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अंगीठी जब्त कर न्यायालय भेजा
जांजगीर -चाम्पा । घर में आग लगाकर हजारों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(जी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की गई।
पुलिस के अनुसार, अंधियारीपाठ निवासी रूपेश कुमार सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे वह अपने भतीजे ईशान के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान अचानक घर की छत में आग लग गई। शोर सुनकर जब वह बाहर निकला तो पड़ोस में रहने वाली अनिता यादव हाथ में जलती हुई लकड़ी लिए दिखाई दी, जो उसे देखकर अपने घर की ओर चली गई।
रूपेश ने अपने भतीजे की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया। इसके बाद मित्र आकाश के साथ आरोपी महिला के घर पहुंचकर घटना के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि महिला ने धमकी भरे लहजे में कहा कि “तुम लोग मेरा क्या कर लोगे।”
आगजनी की घटना में घर में रखी कुर्सी, कपड़े, तिरपाल एवं लकड़ी सहित लगभग पांच हजार रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। शिकायत के आधार पर अकलतरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, मौका-मुआयना कर नक्शा एवं नुकसानी पंचनामा तैयार किया। जांच में आरोपी महिला की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसके घर दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ में अनिता यादव (47), पति सतीश यादव, निवासी अंधियारीपाठ, वार्ड क्रमांक 19, अकलतरा ने घटना करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अंगीठी बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया।