स्क्रैप कॉपर वायर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार…
- 30-35 किलो कॉपर वायर पर हाथ साफ करने वाले गिरोह तक पहुंची पुलिस, 5 किलो वायर बरामद, साथी अब भी फरार
जांजगीर-चांपा। शहर के एक प्रतिष्ठान से स्क्रैप कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह तक पहुंचने में चांपा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का 5 किलो कॉपर वायर बरामद किया है। वहीं वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार महामाया मोटर्स के प्रबंधक संदीप कुमार अग्रवाल ने 19 जुलाई को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि स्टॉक का मिलान करने पर बड़ी मात्रा में स्क्रैप कॉपर वायर गायब मिला। इसके बाद जब परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो तीन युवक बाउंड्री फांदकर अंदर प्रवेश करते दिखाई दिए। आरोपियों ने करीब 30 से 35 किलो स्क्रैप कॉपर वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है, चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर चांपा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 303(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हथनेवरा निवासी बिरजु सूर्यवंशी (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का 5 किलो कॉपर वायर बरामद कर जब्त किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।