बीएसपी में सेल के एमटीटी-2026 के सेंट्रल इंडक्शन कार्यक्रम का शुभारंभ, युवा तकनीकी प्रशिक्षुओं ने शुरू की सेल में अपनी यात्रा…
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में सेल के मैनेजमेंट ट्रेनी (टेक्निकल)-2026 के सेंट्रल इंडक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत नव नियुक्त युवा तकनीकी प्रशिक्षुओं के ज्वाइनिंग एवं प्रारंभिक ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेल की विभिन्न इकाइयों एवं संयंत्रों में कुल 124 मैनेजमेंट ट्रेनी (टेक्निकल)-2026 आवंटित किए गए हैं, जिनमें से अब तक 65 प्रशिक्षु ज्वाइन कर चुके हैं।
बीएसपी में सेंट्रल इंडक्शन कार्यक्रम के लिए रिपोर्ट करने वाले मैनेजमेंट ट्रेनी 4 से 7 अगस्त 2026 के बीच पहुंचे, इसके पश्चात वे एचआर-एलएंडडी सेंटर में ज्वाइनिंग एवं आवश्यक दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। प्रशिक्षुओं के दस्तावेजों का सत्यापन 6 अगस्त 2026 से मानव संसाधन विभाग द्वारा किया जा रहा है।
प्रशिक्षुओं की ज्वाइनिंग एवं ऑनबोर्डिंग को सुचारु बनाने के लिए बीएसपी द्वारा आवश्यक व्यवस्था की गई हैं। उनके ठहरने की व्यवस्था हॉस्टल-3 एवं भिलाई निवास में की गई है तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण के रूप में प्रशिक्षुओं का चिकित्सकीय परीक्षण 6 से 8 अगस्त 2026 तक जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, सेक्टर-9, भिलाई में किया गया। यह चिकित्सकीय परीक्षण बीएसपी के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
ज्वाइनिंग एवं ऑनबोर्डिंग की संपूर्ण प्रक्रिया का समन्वय एचआर-एलएंडडी विभाग द्वारा मानव संसाधन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभागों के समन्वय में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण एवं ज्वाइनिंग से संबंधित अन्य औपचारिकताओं को सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से पूरा किया जा रहा है।
सेल के सेंट्रल इंडक्शन कार्यक्रम के माध्यम से इन युवा तकनीकी पेशेवरों को संगठन की कार्यसंस्कृति, मूल्यों, कार्यप्रणाली तथा पेशेवर वातावरण से प्रारंभिक परिचय प्राप्त होगा। सुव्यवस्थित इंडक्शन प्रक्रिया का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उनके पेशेवर जीवन की शुरुआत के लिए मजबूत आधार प्रदान करना है, ताकि वे सेल की तकनीकी प्रगति, परिचालन उत्कृष्टता तथा सतत विकास की यात्रा में प्रभावी योगदान देने के लिए तैयार हो सकें
——————-




