हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के नवनियुक्त अतिथि शिक्षकों ने विधायक श्री देवेंद्र यादव से की सौजन्य भेंट…
- विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के शुभारंभ एवं शैक्षणिक तैयारियों की दी जानकारी
दुर्ग/भिलाई।* हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के नवनियुक्त अतिथि शिक्षकों ने भिलाई नगर विधायक श्री देवेंद्र यादव से सौजन्य भेंट कर विश्वविद्यालय में प्रारंभ होने जा रहे *विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (UTD)* की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय की स्थापना के लगभग 10 वर्ष बाद शैक्षणिक सत्र *2026-27 से विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रथम चरण में *एम.एससी. गणित, एम.एससी. भौतिकी, एम.एससी. रसायन विज्ञान, एम.एससी. वनस्पति विज्ञान एवं एम.एससी. प्राणी विज्ञान* की कक्षाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए मई-जून 2026 में राज्य शासन की *अतिथि व्याख्याता नीति-2024* के प्रावधानों के अंतर्गत 15 अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की गई है।
हाल के दिनों में अतिथि व्याख्याताओं की नियुक्ति को लेकर कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचारों के संदर्भ में नवनियुक्त अतिथि शिक्षकों ने विधायक श्री देवेंद्र यादव से मुलाकात कर विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग की वास्तविक स्थिति एवं अब तक की तैयारियों से उन्हें अवगत कराया।
शिक्षकों ने बताया कि विश्वविद्यालय में पहली बार नियमित रूप से शिक्षण विभाग प्रारंभ होने के कारण कक्षाएं शुरू करने से पूर्व व्यापक स्तर पर शैक्षणिक एवं आधारभूत तैयारियां की जानी आवश्यक थीं। इनमें नवनिर्मित भवन में विषयवार कक्षाओं का निर्धारण एवं कक्षों को शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना, प्रयोगशालाओं का सेटअप, पाठ्यक्रम एवं पाठ्यचर्या का निर्धारण, वार्षिक शैक्षणिक कैलेंडर तैयार करना, आंतरिक मूल्यांकन की समय-सारिणी बनाना तथा प्रवेश परीक्षा एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित तैयारियां प्रमुख थीं।
अतिथि शिक्षकों ने विधायक श्री यादव को बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित शिक्षकों के समन्वित प्रयासों से आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयानुसार पूरी कर ली गई हैं। वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है तथा शीघ्र ही विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग में नियमित कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक श्री देवेंद्र यादव ने शिक्षकों से उत्साहपूर्ण वातावरण में चर्चा करते हुए विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग के शुभारंभ को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
*श्री यादव ने नवनियुक्त अतिथि शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी लगन एवं समर्पण के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें तथा स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।* उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय शिक्षकों के परिश्रम और विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
डॉ. अरविन्द कुमार साहू – 947283829
डॉ संदीप चंद्राकर – 9098750577
डॉ. अमित तकम्रकार – 9755971173
