लायंस क्लब भिलाई पिनेकल द्वारा हाई स्कूल जुनवानी में ‘अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस’ पर ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन…
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर लायंस क्लब भिलाई पिनेकल द्वारा शासकीय हाई स्कूल जुनवानी में एक शानदार ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अनुपयोगी और बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं (जैसे प्लास्टिक, गत्ता, अनुपयोगी कागज आदि) का उपयोग करके बेहद खूबसूरत और उपयोगी कलाकृतियां बनाईं और अपनी छिपी हुई प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए लायंस क्लब भिलाई पिनेकल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले होनहार बच्चों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्य और शिक्षकगण भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के इस हुनर की जमकर सराहना की। लायंस क्लब भिलाई पिनेकल की ओर से क्लब की अध्यक्ष लायन शालिनी सोनी, सचिव लायन शोभा जांभुलकर, वाइस प्रेसीडेंट लायन रश्मि गेडाम और लायन सुषमा दुबे जी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। क्लब के पदाधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा ही कल का भविष्य हैं और उनकी इस रचनात्मक सोच से समाज को एक नई दिशा मिलेगी।

