स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन…
भिलाई महिला महाविद्यालय, भिलाई में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत विविध कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, उपप्राचार्या डॉ. आशा रानी दास, सेवानिवृत्त प्राध्यापिकाएँ, प्राध्यापकगण एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपप्राचार्या डॉ. आशा रानी दास एवं महाविद्यालय की समस्त शिक्षिकाओं द्वारा सस्वर ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अपने प्रेरणादायी एवं ओजस्वी उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं, वह असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। छात्राओं को शिक्षा, अनुशासन, संस्कार, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें तथा ईमानदारी, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्रहित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकसित एवं सशक्त भारत का निर्माण प्रत्येक नागरिक के सामूहिक प्रयास से ही संभव है।
इस अवसर पर प्राचार्या श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस, उपप्राचार्या डॉ. आशा रानी दास, डॉ. भारती वर्मा, डॉ. राजश्री शर्मा एवं डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव सहित प्राध्यापकों ने सामूहिक रूप से देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति के भाव को और अधिक प्रगाढ़ किया।
कार्यक्रम में कुमकुम साहू, ऋतु कुमारी, भूमिका शर्मा, अश्विनी सिन्हा एवं सोफिया नाज़ ने बी.एड. तृतीय सेमेस्टर एवं बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं की ओर से स्वतंत्रता दिवस एवं राष्ट्रभक्ति से संबंधित प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए।
बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं सखी साहू एवं स्नेहा सिंह ने देशभक्ति गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भाव-विभोर कर दिया। वहीं बी.एड. तृतीय सेमेस्टर की छात्रा निधि गायकवाड़ एवं समूह द्वारा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. हेमलता सिदार, सहायक प्राध्यापिका, शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। उनके कुशल संचालन ने कार्यक्रम को क्रमबद्ध, गरिमामय एवं जीवंत बनाए रखा।
महाविद्यालय की सेवानिवृत्त प्राध्यापिकाएँ डॉ. सुषमा मेने, डॉ. चंद्रप्रभा हांडा, डॉ. मंजू अग्रवाल, डॉ. स्वर्णलता वर्मा एवं डॉ. सुनीता जी राव की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। महाविद्यालय परिवार के प्रति उनका स्नेह, सहयोग एवं योगदान सदैव प्रेरणादायी रहा है और उनका मार्गदर्शन आज भी महाविद्यालय के साथ निरंतर बना हुआ है।
कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में स्टूडेंट यूनियन के सभी सदस्यों प्रभारी – डॉ. आशा रानी दास
अन्य सदस्य- डॉ. हेमलता सिदार, डॉ. वर्षा चंद्राकर, डॉ. अर्चना शरण, श्रीमती भाविका शर्मा, एवं श्रीमती आशा आर्य का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उनके उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता ने समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सम्पूर्ण कार्यक्रम देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं गौरव की भावना से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
