80 वर्षों बाद तुमीरगुंडा और केरपे में पहली बार लहराया तिरंगा,बदले बस्तर की दिखी तस्वीर।।
बीजापुर-स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजापुर जिले के अंदरूनी इलाकों में उस समय ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला,जब ग्राम पंचायत बेदरे के अंतर्गत आने वाले तुमीरगुंडा और केरपे गांव में आजादी के 80 वर्षों बाद पहली बार तिरंगा शान से फहराया गया।
पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता महेश गागड़ा की मौजूदगी में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम ने क्षेत्र में बदलते माहौल और ग्रामीणों के बीच बढ़ते विश्वास की तस्वीर पेश की। कभी नक्सल प्रभाव के कारण जहां राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगा फहराना चुनौतीपूर्ण माना जाता था,वहीं अब उसी क्षेत्र में ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और गर्व के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
कार्यक्रम के दौरान रस्साकशी और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं गांव के वरिष्ठजनों को शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दायशंकर पटेल, वरिष्ठ नेता लव कुमार रायडू, भाजपा नेता कुंवार सिंह माझी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष जितेन्द्र लेकाम, भाजयुमो जिला प्रभारी विनय राजू सहित सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तुमीरगुंडा और केरपे में पहली बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराए जाने को क्षेत्र में शांति, लोकतंत्र और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। ग्रामीणों के बीच राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
अंदरूनी इलाकों में लहराता तिरंगा अब बदलते बस्तर और नए विश्वास की तस्वीर पेश कर रहा है।
