विधायक विक्रम मंडावी की छापामार कार्रवाई,अवैध रेत उत्खनन का भंडाफोड़।।
बीजापुर-जिले के नैमेड क्षेत्र स्थित मिनगाछल नदी में रात के अंधेरे में चल रहे कथित अवैध रेत उत्खनन पर विधायक विक्रम मंडावी ने देर रात छापामार कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार रात करीब 1:30 बजे नदी में चैन माउंटिंग मशीन,पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से रेत का उत्खनन किया जा रहा था।घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर ऐसी कार्रवाई होती रहे तो अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि रेत माफिया रातभर नदी से रेत निकालकर विभिन्न स्थानों पर डंप कर रहे थे।इसकी सूचना मिलने पर विधायक विक्रम मंडावी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।विधायक ने तत्काल नैमेड थाना प्रभारी तथा खनिज विभाग के अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी।
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत खनन प्रतिबंधित रहने के बावजूद रात के समय अवैध उत्खनन किया जा रहा था, जो गंभीर मामला है।उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे अवैध कारोबार में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सूचना के बाद खनिज विभाग की टीम और नैमेड पुलिस मौके पर पहुंची।कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन,एक जेसीबी मशीन तथा चार वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।



