डेंगू-मलेरिया से बचाव हेतु निगम का विशेष अभियान, 79 घरों का सर्वेक्षण…
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मच्छर जनित रोग डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम तथा मच्छर उन्मूलन के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जोन-4 शिवाजी नगर, वार्ड क्रमांक-51 शहीद वीर नारायण सिंह नगर खुर्सीपार अंतर्गत डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर में निगम के विशेष दस्ते द्वारा घर-घर गृह भेंट कर सर्वेलेंस सर्वेक्षण किया गया।
अभियान के दौरान 79 घरों का सर्वेक्षण करते हुए कुल 271 प्रजनन स्रोतों का निरीक्षण किया गया। इनमें से 19 प्रजनन स्रोतों में पुराना जमा पानी पाया गया, जिसे तत्काल खाली कराया गया। इन प्रजनन स्रोतों में 05 कूलर, 05 टंकियां, 08 कंटेनर एवं 01 गमला शामिल हैं।
मच्छर लार्वा नियंत्रण के लिए स्प्रेयर पम्प के माध्यम से 81 कूलरों में पानी मिश्रित एक्यूगार्ड का छिड़काव किया गया। वहीं वयस्क मच्छरों के नियंत्रण हेतु 89 कूलरों में पानी मिश्रित मेलाथियान का छिड़काव किया गया। इसके अतिरिक्त सर्वेक्षित 71 घरों के अंदर-बाहर, सीढ़ियों के नीचे तथा अंधेरे एवं नमी वाले स्थानों में भी पानी मिश्रित मेलाथियान का छिड़काव किया गया।
मोहल्ले में स्थित पक्की एवं कच्ची नालियों में जहां भी पानी का जमाव पाया गया, वहां एक्यूगार्ड/मेलाथियान का छिड़काव कर मच्छरों के प्रजनन एवं नियंत्रण की कार्रवाई की गई।
निगम के स्वास्थ्य अमले द्वारा सभी सर्वेक्षित घरों में नागरिकों को मच्छर रोधी आवश्यक स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई तथा डेंगू-मलेरिया से बचाव के उपायों से संबंधित पम्पलेट का वितरण भी किया गया।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घरों एवं आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकी, गमले, कंटेनर एवं अन्य पानी रखने वाले पात्रों की नियमित सफाई करें तथा सप्ताह में कम से कम एक दिन इन्हें खाली कर सुखाएं। सामूहिक प्रयासों से ही डेंगू एवं मलेरिया जैसे मच्छर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।