सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर निगम की कार्रवाई, सड़क बाधित कर रहे मवेशियों को पकड़ा…
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा शहर की सड़कों पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों को पकड़ने के लिए लगातार रोका-छेका अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोसा नाला स्थित दीक्षित कॉलोनी में सड़क पर अनावश्यक रूप से बैठने वाले मवेशियों के खिलाफ निगम की टीम ने कार्रवाई की।
दीक्षित कॉलोनी के स्थानीय निवासी भौतिक कौशिक द्वारा सीएम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कॉलोनी के अंदर मवेशी सड़कों पर बैठ जाते हैं। इसके कारण सड़क पर आवागमन बाधित होता है और रहवासियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत प्राप्त होने के बाद नगर पालिक निगम भिलाई के रोका-छेका विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर अनावश्यक रूप से बैठे मवेशियों को पकड़कर हटाया गया। पकड़े गए मवेशियों को सुरक्षित रूप से कोसा नाला स्थित गौठान में छोड़ा गया।
निगम द्वारा नागरिकों की शिकायतों के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीम द्वारा सड़कों पर बैठने वाले मवेशियों को हटाने के साथ ही पशुपालकों से भी अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। सड़कों पर मवेशियों के बैठने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले मवेशियों की जानकारी निगम को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

