विज़न Gen-Z टीम 30 अहमदाबाद के लिए रवाना…
- 2030 के नए बिजनेस मॉडल और 2047 के विकसित भारत की तैयारी को लेकर 30 युवाओं में उत्साह
भिलाई। युवाओं को भविष्य की बदलती व्यावसायिक संभावनाओं, नए उद्योगों और उद्यमिता के आधुनिक स्वरूप से परिचित कराने के उद्देश्य से विज़न Gen-Z टीम 30 का दल स्वावलंबी भारत अभियान के सह समन्वयक व चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ।
इस विशेष अध्ययन एवं प्रेरणात्मक यात्रा में 30 युवा सहभागी हैं।
अजय भसीन ने बताया कि यात्रा का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को 2030 के नए बिजनेस मॉडल, आधुनिक उद्योगों, स्टार्टअप एवं उद्यमिता, उद्योग नीति, निर्यात नीति तथा बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य की जानकारी प्रदान करना है। साथ ही 2047 के विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका एवं उनकी तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी युवाओं को मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
चेयरमैन दिनकर बसोतिया जी ने बताया कि दल द्वारा अहमदाबाद स्थित आई-हब यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न संस्थानों एवं व्यावसायिक गतिविधियों का अध्ययन किया जाएगा।
भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रायुवाओं को नई तकनीक, नवाचार, स्टार्टअप इकोसिस्टम और भविष्य के रोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
अहमदाबाद रवाना होने से पूर्व दुर्ग रेलवे स्टेशन पर टीम का भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत के दौरान युवाओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। प्रदेश के दुर्ग भिलाई, रायपुर,धमतरी, गुंडरदेही, चाम्पा,तिल्दा व अनेक अलग अलग जिलो से आये युवाओं ने कहा कि यह यात्रा केवल पर्यटन नहीं, बल्कि सीखने, समझने और भविष्य के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर है।
अजय भसीन कहा कि आज का युवा यदि समय रहते बदलती अर्थव्यवस्था, तकनीक, उद्योग और व्यापार के नए स्वरूप को समझेगा, तो वह न केवल स्वयं के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर तैयार करेगा, बल्कि 2047 के विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
विज़न Gen-Z टीम 30 का यह अभियान युवाओं में सीखने की सोच, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस यात्रा में सक्रिय भूमिका में संयोजक विकास जायसवाल,विकास पांचाल,शंकर सचदेव, अमन मिश्रा व युवा साथी है।